कानपुर में भाजपा प्रदेश मंत्री के फार्म हाउस में 12 लाख की लूट, बंधक बनाकर बाथरूम में बंद किया

कानपुर में भाजपा प्रदेश मंत्री के फार्म हाउस में 12 लाख की लूट, बंधक बनाकर बाथरूम में बंद किया

कानपुर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्योरी स्थित फार्म हाउस में दो नकाबपोश बदमाशों ने असलहे और चाकू की नोक पर प्रदेश मंत्री को बंधक बनाकर करीब 12 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें बाथरूम में बंद कर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे खाना खाने के बाद रमेश यादव अपने कमरे में मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान काले कपड़े पहने दो नकाबपोश बदमाश कमरे में पहुंचे और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की मांग की। इसके बाद कमरे में रखे करीब 12 लाख रुपये नकद और सोने की चेन, ब्रेसलेट व अंगूठी लूट ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने प्रदेश मंत्री के हाथ-पैर बांध दिए, मुंह पर कपड़ा ठूंसकर टेप लगा दिया और उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद दोनों बदमाश फार्म हाउस के पिछले हिस्से में टीनशेड और छत के रास्ते ईंट भट्ठे की ओर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि फार्म हाउस में 24 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के इंतजाम होने के बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर निकल गए। बताया गया कि बदमाशों के प्रवेश का स्पष्ट फुटेज नहीं मिला है, जबकि वारदात के बाद उनकी गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी मिली है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जेसीपी विपिन टाडा और डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक और सर्विलांस टीम ने घटनास्थल की जांच की। खोजी स्वान फार्म हाउस के पीछे करीब एक किलोमीटर तक गया।

जेसीपी विपिन टाडा के मुताबिक, मामले के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें लगाई गई हैं और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच करते हुए बदमाशों की तलाश में जुटी है।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और वारदात के खुलासे का इंतजार है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *