महिला पुलिसकर्मी के सरकारी आवास में चोरी
महिला पुलिसकर्मी के सरकारी आवास में चोरी
हेड कांस्टेबल के घर से चार लाख के जेवर और नकदी पार, नोएडा में वॉलीबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थीं सपना द्विवेदी
कानपुर। फजलगंज थाने की ऊपरी मंजिल पर बने सरकारी आवास में चोर ने महिला हेड कांस्टेबल के घर को निशाना बनाकर करीब चार लाख रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना के समय हेड कांस्टेबल सपना द्विवेदी नोएडा में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थीं। थाना परिसर के अंदर हुई चोरी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की।
कथक नृत्यांगना भी हैं 2016 बैच की कांस्टेबल
मूलरूप से बांदा के मरका थाना क्षेत्र के अवगासी गांव निवासी सपना द्विवेदी वर्ष 2016 बैच की सिपाही हैं। योग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला था। इसके बाद वह पदोन्नत होकर हेड कांस्टेबल बनीं और वर्तमान में फजलगंज थाने में तैनात हैं।
सपना बेहतरीन वॉलीबाल खिलाड़ी होने के साथ ही कथक नृत्यांगना भी हैं। थाना परिसर की ऊपरी मंजिल पर उन्हें सरकारी आवास आवंटित है।
छत के रास्ते घर में घुसा चोर
सपना के नोएडा जाने के दौरान आवास बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखी सोने की बालियां, नेकलेस, चेन और करीब 300 रुपये नकद पार कर दिए।
हैरानी की बात यह रही कि चोर ने घर में रखी चांदी की पायल और पाजेब को हाथ तक नहीं लगाया। चोरी गए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पेट्स को खाना देने पहुंचे पड़ोसी तो खुला राज
घटना का पता तब चला जब सपना के घर में पले पेट्स को खाना देने के लिए पड़ोसी वहां पहुंचे। कमरे का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्होंने सपना के भाई शुभम द्विवेदी को सूचना दी। शुभम मौके पर पहुंचे तो घर में रखी ज्वैलरी और नकदी गायब मिली।
उन्होंने तत्काल सपना और फजलगंज थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सपना ने बताया कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद वह नोएडा से वापस आ रही हैं और शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देंगी।
तहरीर मिलने पर दर्ज होगी रिपोर्ट
एडीसीपी सेंट्रल डा. अर्चना सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

