पत्नी के काम पर जाने के बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान
कानपुर। जूही थाना क्षेत्र के नयापुरवा में मंगलवार सुबह करीब 11:45 बजे युवक अंकित पाल ने फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक, अंकित पिछले कई दिनों से किसी विवाद को लेकर परेशान था। पत्नी के काम पर जाने के बाद वह कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर बेटे ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर अंकित पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नयापुरवा निवासी ऋषभ पाल ने बताया कि उनके बड़े भाई अंकित पाल ड्राइवर थे। उनकी कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। परिवार में पिता अजय पाल, मां प्रेमा पाल, पत्नी आशा पाल और दो बेटे जग्गू व डुग्गु हैं। परिजनों के अनुसार अंकित पिछले कई दिनों से परेशान चल रहे थे। उनकी पत्नी आशा निजी नौकरी करती हैं।
बेटे ने खिड़की से देखा
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आशा काम पर चली गईं। इसके बाद अंकित कमरे में चले गए। करीब 11:45 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आए तो बेटे ने उन्हें आवाज दी। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने खिड़की से देखा। अंकित को पंखे से लटका देखकर बेटा रोने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति होगी स्पष्ट
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

