भाई के इलाज की चिंता लेकर जनता दर्शन पहुंचीं दो बहनें, कुछ घंटों में बना आयुष्मान कार्ड
माता-पिता की हो चुकी है मृत्यु, 17 वर्षीय भाई की आंख का होना है ऑपरेशन; आर्थिक तंगी के चलते इलाज में आ रही थी परेशानी
कानपुर नगर। माता-पिता की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं दो बहनें सोमवार को अपने 17 वर्षीय भाई के इलाज की चिंता लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दर्शन में पहुंचीं। भाई की आंख में परेशानी है और उसका ऑपरेशन कराया जाना है, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण परिवार के सामने इलाज का संकट खड़ा था। परिवार के पास अंत्योदय राशन कार्ड होने के बावजूद आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था। बहनों ने जिलाधिकारी को अपनी समस्या बताई तो उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। इसके बाद कुछ ही घंटों में आयुष्मान कार्ड बनाकर दोनों बहनों को सौंप दिया गया।
विजय नगर निवासी प्रियंका यादव अपनी बहन के साथ सोमवार को जिलाधिकारी के जनता दर्शन में पहुंचीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है। वह अपने दो छोटे भाई-बहनों के साथ रहती हैं। परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। ऐसे में रोजमर्रा की जरूरतों के साथ भाई के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। प्रियंका ने बताया कि उनके 17 वर्षीय भाई राहुल यादव को देखने में परेशानी हो रही है। चिकित्सकों ने उसकी आंख का ऑपरेशन कराने की सलाह दी है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज को लेकर परेशान था। परिवार के पास अंत्योदय राशन कार्ड भी है, लेकिन इसके बावजूद आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा था। इसी समस्या को लेकर वह जिलाधिकारी के जनता दर्शन में मदद की उम्मीद लेकर पहुंचीं।
डीएम ने तत्काल लिया संज्ञान
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रियंका की समस्या सुनी और प्रार्थना पत्र देखने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव से फोन पर बात की। उन्होंने दोनों बहनों को संबंधित अधिकारी के पास भेजते हुए उपलब्ध अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद डॉ. एसपी यादव ने दोनों बहनों के दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही घंटों के भीतर प्रियंका के भाई राहुल का आयुष्मान कार्ड तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।
कार्ड मिलते ही चेहरे पर आई राहत
आयुष्मान कार्ड मिलने के बाद दोनों बहनों के चेहरे पर राहत दिखाई दी। प्रियंका ने जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि भाई की आंख के इलाज को लेकर पूरा परिवार चिंतित था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण ऑपरेशन कराना मुश्किल लग रहा था। अब आयुष्मान कार्ड मिलने से भाई के इलाज में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी ने प्रियंका को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक परेशानी न हो।

