हथेरूआ में आवारा कुत्ते का आतंक, तीन युवकों-महिला समेत चार बकरियों को काटा
घाटमपुर। तहसील क्षेत्र के हथेरूआ गांव में शनिवार भोर एक आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। घरों के बाहर सो रहे तीन युवकों और एक महिला पर हमला कर उन्हें काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा कुत्ते ने चार बकरियों को भी काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया।
हथेरूआ निवासी महेंद्र कुमार (28) पुत्र स्व. परसादी लाल, ईशू कुमार (22) पुत्र स्व. अरविंद कुमार संखवार, रुद्रपाल सिंह भदौरिया (50) और विजया देवी पत्नी स्व. राम आसरे संखवार शनिवार भोर करीब चार बजे घर के बाहर मैदान में सो रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे आवारा कुत्ते ने एक-एक कर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। किसी के सिर और हाथ तो किसी के पैर में कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
चार बकरियों को भी बनाया निशाना
ग्रामीणों के मुताबिक कुत्ते ने मोतीलाल संखवार समेत अन्य ग्रामीणों की चार बकरियों को भी काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। कुत्ते के पागल होने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत है।
आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से चिंता
घटना के बाद परिजन घायलों को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे बच्चों और बुजुर्गों के साथ पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़वाकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।

