‘पुलिस कमिश्नर नहीं, तुम्हारी समस्या का समाधान मैं करूंगा’, किशोरी की मां को धमकाने वाला दरोगा सस्पेंड
13 साल की बेटी को इंस्टाग्राम पर ब्लैकमेल कर वसूले 1.52 लाख रुपये, कार्रवाई के बजाय समझौते का दबाव बनाने का आरोप; चौकी इंचार्ज की भी होगी जांच
कानपुर। घाटमपुर थाने की चौकी में 13 वर्षीय किशोरी की मां को धमकाने और मामले में समझौते का दबाव बनाने वाले दरोगा पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कार्रवाई की है। बुधवार को पीड़िता की मां ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को इंस्टाग्राम पर ब्लैकमेल कर युवकों ने 1.52 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत लेकर चौकी पहुंचने पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिसकर्मी उन पर समझौता करने का दबाव बनाने लगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने दरोगा नवीन कुमार को सस्पेंड कर दिया। वहीं चौकी इंचार्ज शिवा सिंह के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद शुरू किया ब्लैकमेल
घाटमपुर थाना क्षेत्र निवासी महिला बुधवार को अपनी पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय बेटी के साथ पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से मिलीं। महिला ने बताया कि कस्बे के एक युवक ने उनकी बेटी से इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू की थी। इस दौरान उसने बातचीत का स्क्रीनशॉट ले लिया। बाद में स्क्रीनशॉट वायरल करने और आत्महत्या करने की धमकी देकर किशोरी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
एक महीने में वसूले 1.52 लाख रुपये
पीड़िता की मां के मुताबिक, एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच युवक और उसके साथियों ने किशोरी से करीब 55 हजार रुपये नकद वसूल लिए। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन के ई-वॉलेट, फोन-पे और अन्य माध्यमों से करीब 97 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। उन्हें इसकी जानकारी तब हुई, जब वह बैंक पहुंचीं और पासबुक में एंट्री कराई।
तीन दिन तक चौकी के चक्कर काटती रही मां
महिला का आरोप है कि शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचने के बावजूद तीन दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे चौकी प्रभारी शिवा सिंह और दरोगा नवीन कुमार उन पर मामले में समझौता करने का दबाव बनाने लगे।
महिला ने आरोप लगाया कि चौकी में दरोगा नवीन कुमार ने उनसे कहा कि ‘पुलिस कमिश्नर नहीं, तुम्हारी समस्या का समाधान मैं करूंगा।’ इसके बाद पीड़िता की मां ने सीधे पुलिस कमिश्नर से शिकायत की।
दरोगा सस्पेंड, चौकी इंचार्ज की जांच के आदेश
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि उन्होंने घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद दरोगा नवीन कुमार की ओर से पीड़िता की मां पर समझौते का दबाव बनाने की शिकायत सामने आई। इस पर दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। चौकी इंचार्ज शिवा सिंह की भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


