ट्रम्प की हत्या की साजिश, पाकिस्तानी को 27 साल जेल

ट्रम्प की हत्या की साजिश, पाकिस्तानी को 27 साल जेल

ईरान के लिए काम कर रहा था; अंडरकवर FBI एजेंट्स को हत्यारा समझकर सुपारी दी

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। वह ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के लिए काम कर रहा था। अमेरिकी जांच के मुताबिक, उसे ट्रम्प की हत्या कराने के लिए अमेरिका भेजा गया था।

48 साल के आसिफ को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित फेडरल कोर्ट ने आतंकवादी साजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश का दोषी पाया। जज एरिक आर. कोमिटी ने उसे सजा सुनाई। आसिफ की हिटलिस्ट में ट्रम्प समेत 3 नेता थे। इनमे से एक नेता की हत्या करने के बदले उसने हत्यारों को 5 हजार डॉलर (करीब 4.4 लाख रुपए) एडवांस दिए थे। हालांकि, जिन लोगों को वह हत्यारे समझ रहा था, वे FBI के अंडरकवर एजेंट थे।

फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) अमेरिका की घरेलू जांच एजेंसी है, जो आतंकवाद, जासूसी, साइबर अपराध, भ्रष्टाचार और बड़े आपराधिक मामलों की जांच करती है।

कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था ईरान

अमेरिकी जांच के मुताबिक, आसिफ ईरान की IRGC के लिए काम कर रहा था। उसे अमेरिका में ट्रम्प की हत्या की साजिश को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।

आसिफ ने पूछताछ और साजिश के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम भी संभावित निशाने के तौर पर बताए थे। उस समय ये दोनों भी राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल थे। हालांकि, साजिश का मुख्य निशाना ट्रम्प थे।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस साजिश के पीछे ईरान के पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी। सुलेमानी जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए थे। ईरान उनकी मौत के लिए अमेरिका को जिम्मेदार मानता है।

कासिम सुलेमानी ईरान के सबसे ताकतवर जनरल माने जाते थे। वे दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेहद करीबी थी।
कासिम सुलेमानी ईरान के सबसे ताकतवर जनरल माने जाते थे। वे दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेहद करीबी थी।

ईरान में ट्रेनिंग ली, अमेरिका में हत्यारे तलाशे

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, आसिफ करीब 2022 में IRGC के संपर्क में आया था। धार्मिक यात्रा के लिए ईरान जाने के दौरान उसकी मुलाकात संगठन के एक हैंडलर यूसुफ मेरहरदाद से कराई गई।

इसके बाद करीब डेढ़ साल में दोनों तेहरान में 15 बार मिले। इन मुलाकातों में आसिफ को खुफिया जानकारी जुटाने और पकड़े जाने से बचने के तरीके सिखाए गए। उसे अमेरिका जाकर नेताओं की हत्या के लिए लोगों को तैयार करने का निर्देश दिया गया।

आसिफ को खास तौर पर अपराधियों और माफिया से जुड़े लोगों को हत्या के लिए भर्ती करने को कहा गया था। उसे राजनीतिक रैली के दौरान ट्रम्प की हत्या कराने की योजना बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी।

2024 में ईरान के बाद अमेरिका पहुंचा था मर्चेंट

अप्रैल 2024 में ईरान में करीब एक हफ्ता बिताने के बाद आसिफ अमेरिका पहुंचा। वहां उसने हत्या की साजिश में मदद के लिए अपने एक परिचित से संपर्क किया। उस परिचित ने FBI को इसकी जानकारी दी और जांच में मदद करने लगा।

बातचीत की रिकॉर्डिंग में आसिफ ट्रम्प की हत्या की योजना समझाते और राजनीतिक रैली के दौरान उन्हें निशाना बनाने का तरीका बताते हुए सामने आया। इसके बाद उसने ऐसे लोगों से संपर्क किया जिन्हें वह हत्या के लिए तैयार हत्यारे समझ रहा था, लेकिन वे FBI के अंडरकवर एजेंट थे।

आसिफ उनसे तीन बार मिला। उसने बताया कि वह विदेश में कुछ लोगों के साथ मिलकर एक नेता की हत्या करवाना चाहता है। इस काम के लिए उसने 5 हजार डॉलर एडवांस भी दिए। यह रकम उसे विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों की मदद से मिली थी।

उसे 12 जुलाई 2026 को टेक्सास के रिचमंड में गिरफ्तार किया गया। उस समय वह अमेरिका से बाहर जाने के लिए एयरपोर्ट रवाना होने वाला था।

ट्रम्प और चुनावी रैलियों पर नजर रख रहा था

जांच एजेंसियों को आसिफ के लैपटॉप, मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से कई सबूत मिले। इनसे पता चला कि वह 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और ट्रम्प की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

उसने ट्रम्प की चुनावी रैलियों के बारे में इंटरनेट पर सर्च किया था। न्यू जर्सी में ट्रम्प की एक रैली की लोकेशन गूगल मैप पर भी खोजी थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कासिम सुलेमानी की तारीफ और ट्रम्प व अमेरिका के खिलाफ पोस्ट भी मिलीं।

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि अमेरिका अपने नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी संगठनों की साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

FBI अधिकारियों ने भी कहा कि आसिफ की साजिश से देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा था। उनके मुताबिक, इस मामले में मिली सजा आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का उदाहरण है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *