नेतन्याहू ने आइजनकोट को साथ मिलकर सरकार बनाने को कहा
पूर्व सेना प्रमुख ने प्रस्ताव ठुकराया; बोले- नेतन्याहू चुनाव हार चुके हैं, उनकी चाल में नहीं फंसूंगा
हालांकि, आइजनकोट ने कुछ ही मिनट बाद नेतन्याहू का प्रस्ताव ठुकरा दिया। उन्होंने कहा;-
नेतन्याहू जानते हैं कि वे चुनाव हार चुके हैं। वे ऐसे समय बातचीत की अपील कर रहे हैं, जब बातचीत पहले से चल रही है। उनकी ये चालें मुझ पर काम नहीं करेंगी।

आइजनकोट इजराइल के पूर्व सेना प्रमुख हैं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले हफ्ते उन्हें नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए उन्हें 28 दिन का समय मिला है। जरूरत पड़ने पर 14 दिन और मिल सकते हैं।
नेतन्याहू बोले- ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना जरूरी
नेतन्याहू ने शनिवार को वीडियो संदेश जारी कर कहा कि ईरान एक बार फिर अपना परमाणु कार्यक्रम शुरू करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान इजराइल को खत्म करना चाहता है और मौका मिलने पर उसके खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इसलिए इजराइल को ईरान के परमाणु खतरे को हमेशा के लिए खत्म करना होगा।
नेतन्याहू ने कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए देश में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाना जरूरी है। छोटी सरकार या आतंकवाद समर्थक दलों के सहारे चलने वाली सरकार ऐसा नहीं कर पाएगी।

67 सांसदों के समर्थन पर पहले आइजनकोट को मौका
इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने लायक सीटें नहीं मिलीं। 120 सदस्यों वाली संसद नेसेट में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। आइजनकोट के चार दलों वाले गठबंधन को 48 सीटें मिलीं। अरब दलों ने 19 सीटें जीतीं। चुनाव के बाद राष्ट्रपति ने सांसदों से पूछा कि वे किसे प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। 67 सांसदों ने आइजनकोट का समर्थन किया, जबकि 46 सांसद नेतन्याहू के साथ थे। इसी आधार पर आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका मिला।
अल्पमत में भी सरकार बनाना चाहते हैं आइजनकोट
आइजनकोट का प्लान है कि उनके गठबंधन के 48 सांसद सरकार के पक्ष में वोट करें और नेतन्याहू के 46 सांसद विरोध में। बाकी 26 सांसद वोटिंग से दूर रहें। इनमें अरब और अति-रूढ़िवादी दलों के सदस्य शामिल हैं। इस तरह विरोध में वोट डालने वालों से ज्यादा समर्थन मिलने पर उनकी सरकार बन सकती है।
आइजनकोट ने साफ किया है कि वे अरब दलों को अपनी सरकार में शामिल नहीं करेंगे। हालांकि, वे चाहते हैं कि ये दल वोटिंग में हिस्सा न लें।
कट्टरपंथी नेताओं को लेकर भी मतभेद
नेतन्याहू चाहते हैं कि एकता सरकार में मध्यपंथी और दक्षिणपंथी यहूदी दल शामिल हों, लेकिन अरब दलों को बाहर रखा जाए। उनके सहयोगियों ने आरोप लगाया है कि अरब दलों ने चुनाव ‘चुराया’ है। इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं दिया गया है। आइजेनकोट ने शुक्रवार को नेतन्याहू पर अरब दलों के खिलाफ नस्लवादी अभियान चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और बेजालेल स्मोट्रिच की धार्मिक जायोनिज्म पार्टी के नेताओं के साथ सरकार बना सकते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें एकता की बात पर ईमानदारी दिखानी होगी। आइजेनकोट सरकार में कट्टरपंथी नेताओं को शामिल नहीं करना चाहते। इनमें दक्षिणपंथी मंत्री इतामार बेन-गविर के समर्थक भी शामिल हैं।
मंगलवार को होगा संसद के स्पीकर का चुनाव
इजराइल की संसद नेसेट मंगलवार को अपना नया स्पीकर चुनेगी। फिलहाल यह पद नेतन्याहू के सहयोगी आमिर ओहाना के पास है। विपक्ष ने उनकी जगह पूर्व सैन्य अधिकारी मटन कहाना को उम्मीदवार बनाया है। यह चुनाव भी नई सरकार बनाने की कोशिशों के लिहाज से अहम होगा।



