कानपुर में गैंगस्टर की पिटाई, स्कॉर्पियो में तोड़फोड़; ई-ऑटो को टक्कर मारकर भागने की कोशिश

कानपुर में गैंगस्टर की पिटाई, स्कॉर्पियो में तोड़फोड़; ई-ऑटो को टक्कर मारकर भागने की कोशिश

विधायक लिखी स्कॉर्पियो में युवक को जबरन बैठाकर लाने का आरोप, चीख-पुकार सुनकर जुटे लोगों ने कार सवारों को घेरा; तीन घायल हैलट में भर्ती

कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के जूही कलां स्थित डब्ल्यू ब्लॉक में रविवार रात हंगामा हो गया। आरोप है कि बर्रा थाने के गैंगस्टर अजय ठाकुर को लोगों ने जमकर पीटा और उसकी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि अजय ठाकुर एक युवक को विधायक लिखा अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर वहां लाया था। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग गाड़ी के पास पहुंचे तो स्कॉर्पियो सवारों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान गाड़ी ने एक ई-ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने कार सवारों को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय ठाकुर समेत तीन लोगों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया।

स्कॉर्पियो के अंदर से सुनाई दे रही थी चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों व ई-ऑटो की मालकिन सुमन के मुताबिक, रविवार रात जूही कलां में खाली बस्ती के पास अंधेरे में एक काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी थी। उसके अंदर से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। आवाज सुनकर कुछ लोग गाड़ी के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो पर भाजपा का झंडा लगा था और उस पर विधायक का स्टीकर भी लगा हुआ था।

लोगों ने गाड़ी का दरवाजा खटखटाकर अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ करने की कोशिश की। इसी दौरान आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने तेजी से गाड़ी पीछे की ओर दौड़ा दी।

ई-ऑटो को टक्कर मारकर भागने की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पीछे खड़ी सुमन के ई-ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी ई-ऑटो को करीब 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। शोर सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और उन्होंने स्कॉर्पियो को घेर लिया। इसके बाद कार सवारों को नीचे उतारा गया।

आरोप है कि गुस्साए लोगों ने कार सवारों की पिटाई करने के बाद स्कॉर्पियो में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

तीन लोग घायल, पुलिस को तहरीर का इंतजार

हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि कार में बर्रा थाने का गैंगस्टर अजय ठाकुर, उसका साथी आयुष और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सवार थे। लोगों की पिटाई में तीनों घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *