कोयला नगर एलिवेटेड पुल पर मूंगफली लदे डीसीएम में लगी आग, पांच किमी लंबा जाम
बोनट में शॉर्ट सर्किट के बाद धू-धूकर जला वाहन, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान; दो दमकल गाड़ियों ने 20 मिनट में पाया काबू
कानपुर। कोयला नगर एलिवेटेड पुल पर बुधवार रात मूंगफली से लदे डीसीएम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रात करीब 9:50 बजे बोनट की तरफ से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। कुछ ही देर में डीसीएम आग का गोला बन गया और लपटों ने पीछे रखे मूंगफली के बोरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग विकराल होते देख चालक और परिचालक ने किसी तरह डीसीएम से कूदकर अपनी जान बचाई।
हादसे के बाद भौंती-रूमा हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। आग की ऊंची लपटें देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब पांच किलोमीटर तक जाम लग गया। मौके पर राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची।
जयपुर से मूंगफली लेकर मिर्जापुर जा रहे थे
आगरा के खेड़ा राठौर निवासी चालक मुनेश बाबू ने बताया कि मंगलवार रात वह डीसीएम में जयपुर से मूंगफली लादकर परिचालक राम बहादुर के साथ मिर्जापुर के लिए निकले थे। बुधवार रात डीसीएम कोयला नगर एलिवेटेड पुल पर पहुंची, तभी बोनट की तरफ से अचानक धुआं निकलने लगा।
चालक बोला- कुछ समझ पाते, उससे पहले भड़क उठी आग
मुनेश बाबू ने बताया कि वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग डीसीएम के अगले हिस्से से पीछे रखे मूंगफली के बोरों तक पहुंच गई। आग तेजी से बढ़ती देख उन्होंने और परिचालक राम बहादुर ने शोर मचाया और किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
दो दमकल गाड़ियों ने 20 मिनट में पाया काबू
सूचना मिलते ही जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने डीसीएम को चारों तरफ से घेरकर पानी की बौछार शुरू की। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। चालक के अनुसार हादसे में करीब 60 हजार रुपये की मूंगफली समेत लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि सूचना मिलते ही जाजमऊ से दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। टीम ने जल्द ही आग पर नियंत्रण पा लिया। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

