पैचवर्क में लापरवाही पर डीएम नाराज, अधूरे काम तत्काल पूरे करने के निर्देश

पैचवर्क में लापरवाही पर डीएम नाराज, अधूरे काम तत्काल पूरे करने के निर्देश

कानपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए चल रहे पैचवर्क कार्यों में लापरवाही और देरी पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने नाराजगी जताई है। मंगलवार रात 11 बजे डीएम ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान फूलबाग मल्टीलेवल पार्किंग और पनचक्की चौराहे के पास काम अधूरा मिलने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लंबित कार्य तत्काल पूरे कराने के निर्देश दिए।

फूलबाग में देरी पर लोक निर्माण विभाग को फटकार

निरीक्षण के दौरान फूलबाग मल्टीलेवल पार्किंग के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे पैचवर्क कार्य की स्थिति देखी गई। यहां काम में देरी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा को निर्देश दिया कि कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय से पूरा कराया जाए।

पनचक्की चौराहे पर गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश

पनचक्की चौराहे के पास सड़क का कुछ हिस्सा अधूरा छोड़े जाने पर डीएम ने आपत्ति जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल काम पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही आसपास की सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित करने तथा उनकी मरम्मत कराने को कहा। इसी क्षेत्र में जलकल विभाग की ओर से खोदे गए गड्ढे को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। मौके पर मौजूद जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी को गड्ढा तत्काल भरवाकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट किया कि उनके कार्यों के कारण सड़क निर्माण और पैचवर्क में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।

कृष्णा नगर के 56 कार्यों की होगी जांच

निरीक्षण के दौरान जोन-2 के कृष्णा नगर क्षेत्र में भी पैचवर्क कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। यहां कई स्थानों पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जोन-2 में कुल 186 पैचवर्क कार्य चिह्नित किए गए हैं। इनमें से पूरे हो चुके 56 कार्यों का जिलाधिकारी स्तर से परीक्षण कराया जाएगा। इस जांच के जरिए मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति परखी जाएगी।

आज होगी पैचवर्क कार्यों की समीक्षा

14 अक्टूबर को होने वाली संयुक्त समीक्षा बैठक में नगर निगम के सभी जोनल अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे और लंबित पैचवर्क कार्यों की विस्तृत जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी कार्यों की प्रगति और जरूरी आंकड़ों के साथ चार्ट प्रस्तुत करेंगे। बैठक में अधूरे कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट किया है कि सड़क मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *