चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल हादसा : बारिश में सैकड़ों लोग दौड़कर अंदर घुसे, संकरे रास्ते में दबे, महिलाएं-बच्चे चीखने लगे; 19 मौतें, 5 ICU में भर्ती

चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल हादसा : बारिश में सैकड़ों लोग दौड़कर अंदर घुसे, संकरे रास्ते में दबे, महिलाएं-बच्चे चीखने लगे; 19 मौतें, 5 ICU में भर्ती

डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीमें चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचीं, भगदड़ में 17 साल की आकृति की मौत, बिहार से आया था परिवार, हादसे में जान गंवाने वालों के शव परिजन को सौंपे गए


कोलकाता। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ के कई वीडियो सामने आए हैं। 27 सेकेंड के एक वीडियो में बारिश के बीच सैकड़ों लोग दौड़ते हुए पंडाल में घुसते दिख रहे हैं। इनमें ज्यादातर लोगों के हाथ में छाते थे। वीडियो में कोई गार्ड या पुलिसकर्मी भीड़ को संभालने की कोशिश करते नजर नहीं आ रहा है।

पंडाल के अंदर के एक अन्य वीडियो में संकरे रास्ते में लोगों की भारी भीड़ फंसी दिख रही है। लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे और दबाव के कारण हिलने-डुलने तक की जगह नहीं थी। महिलाएं और बच्चे मदद के लिए चीख रहे थे। कुछ लोग गिरने से बचने के लिए दीवार पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।

हादसे में 19 लोगों की मौत हुई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों का शहर के 3 अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 5 मरीज ICU में भर्ती हैं और एक की हालत गंभीर है। रविवार सुबह गृह मंत्री अमित शाह घायलों से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पूजा कमेटी के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।

ऋतब्रत बनर्जी बोले- ये राजनीतिक पोस्टमार्टम का समय नहीं
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी घटना के बाद राजनीतिक व्यवस्था के कुछ लोग आरोप-प्रत्यारोप में पूरी तरह उतर आए। राजनीतिक पोस्टमार्टम हो सकता है, लेकिन वह बाद में होना चाहिए। सबसे पहले कीमती जिंदगियां गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया है कि क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। मैं उनसे सहमत हो सकता हूं या असहमत, लेकिन राजनीतिक पोस्टमार्टम के लिए अभी इंतजार करना चाहिए।

TMC ने घायलों को प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट करने पर उठाए सवाल
भगदड़ के बाद घायलों को सरकारी अस्पताल से प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने पर विवाद खड़ा हो गया है। ममता के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज शुरू होने के बाद घायलों को दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इलाज के बीच मरीजों को क्यों शिफ्ट किया गया।

कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि अमित शाह के अस्पताल दौरे के दौरान सरकार की अच्छी छवि दिखाने के लिए घायलों को निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मरीजों से मुलाकात करना और हादसे के बारे में उनकी बात जानना मुश्किल हो सकता है।

कोलकाता भगदड़ में बिहार के पिता-बेटे की मौत
कोलकाता भगदड़ के दौरान बिहार के मुजफ्फरपुर के अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उनके बेटे आयुष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। अभिषेक की पत्नी निवा कुमारी भी उनके साथ थीं। मृतक के भाई राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार दुर्गा पूजा घूमने कोलकाता आया था। हालांकि, सीएम अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले 19 लोगों में एक बिहार का रहने वाला था।

CM बोले- भगदड़ की जांच रिपोर्ट डेढ़ महीने में सार्वजनिक करेंगे
CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कोलकाता भगदड़ की जांच हाईकोर्ट के मौजूदा जज करेंगे। कमेटी की सिफारिशें मिलने के एक से डेढ़ महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी जाएगी। उन्होंने पिछली CPM और TMC सरकारों पर उनके कार्यकाल में गठित आयोगों की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने का आरोप भी लगाया। विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने अक्टूबर 2025 में भारी बारिश और दार्जिलिंग में हुई आपदा का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाए।

CM की अधिकारियों के साथ बैठक खत्म, बोले- ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था देखूंगा
कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा- आज मैं लालबाजार ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल ऑफिस जाऊंगा और ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण करूंगा।

फ्लिपकार्ट मिनट्स पर ₹49 में मिल रहे थे VIP पास
कोलकाता के दुर्गा पंडाल में भगदड़ से पहले फ्लिपकार्ट मिनट्स पर 49 रुपए में VIP पास बेचे जा रहे थे। इन पास के जरिए कोलकाता और आसपास के 26 बड़े पूजा पंडालों में VIP एंट्री मिल रही थी। हादसे से पहले सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इन पास के साथ रील बनाकर प्रचार किया।

चोरबागान की एक लड़की ने भी VIP पास से एंट्री करते हुए भीड़ दिखाकर कहा कि अगर भीड़ से बचना है, तो पास खरीदें। भगदड़ के बाद भास्कर रिपोर्टर ने फ्लिपकार्ट मिनट्स पर इन पास को खरीदने की कोशिश की। ऐप की हिस्ट्री और ट्रेंडिंग सेक्शन में पास दिखाई दे रहे थे, लेकिन खोलने पर उनकी जगह दूसरी चीजें दिखने लगीं।

TMC ने पूछा- शुभेंदु अपने भतीजे को कब गिरफ्तार कराएंगे
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भगदड़ की घटना पर भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भतीजे का पंडाल से करीबी संबंध है और पूजा कमेटी के अध्यक्ष भाजपा विधायक हैं। TMC ने पूछा- CM अपने भतीजे को कब गिरफ्तार कराएंगे। पार्टी ने हादसे की जिम्मेदारी तय करने और मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की।

भगदड़ से पहले अनाउंसमेंट हुई- पंडाल खाली करो, ढह जाएगा
बताया जा रहा है कि भगदड़ से पहले पंडाल खाली करने की अनाउंसमेंट की जा रही थी। पंडाल के अंदर माइक से कहा गया, ‘पंडाल की हालत बहुत खराब है। यह गिर सकता है, कृपया बाहर निकलें।’ उस वक्त 360 डिग्री आकार में बने पंडाल की संकरी गली से निकलने के लिए लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो रही थी। बारिश के कारण रास्ते में फिसलन भी थी।

300 मीटर लंबी लाइन, भीड़ संभालने के लिए सिर्फ 2 सिक्योरिटी गार्ड थे
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले भीड़ संभालने के इंतजाम नाकाफी थे। घटना से पहले वहां मौजूद एक स्थानीय पत्रकार के मुताबिक, आने-जाने का रास्ता संकरा था और करीब 300 मीटर लंबी लाइन में भीड़ संभालने के लिए सिर्फ दो सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे। बीच में कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था। पत्रकार ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस लोगों को अलग-अलग रास्ते बता रहे थे। पंडाल के अंदर भी भारी भीड़ और कम रोशनी थी, लेकिन वहां पूजा कमेटी, पुलिस या सिक्योरिटी का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इस बार फ्लिपकार्ट के जरिए VIP पास भी बेचे जा रहे थे।

कांग्रेस का दावा- सरकार ने जो आंकड़े बताए, मौतें उससे ज्यादा
कांग्रेस नेता सुमन रॉय चौधरी ने भगदड़ को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के मौतों के आंकड़े पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के मुताबिक हादसे में 19 लोगों की मौत हुई है, लेकिन उनके पास मौजूद जानकारी के अनुसार मृतकों और घायलों की संख्या इससे ज्यादा है। उन्होंने कहा- पिछले 20-30 साल में बंगाल में इतना बड़ा हादसा नहीं हुआ।

कोलकाता के कुछ इलाकों में 3 दिन धारा 163 लागू
कोलकाता के कुछ इलाकों में 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद के आदेश के मुताबिक, यह प्रतिबंध बोबाजार थाना क्षेत्र के उस हिस्से में लागू होगा, जो कॉलेज स्ट्रीट, सीआर एवेन्यू, कोलूटोला स्ट्रीट और ईडन हॉस्पिटल रोड के बीच आता है। आदेश के तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने, लाठी या अन्य खतरनाक हथियार ले जाने और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।

गिरफ्तार लोगों में पूजा कमेटी के सचिव-उपाध्यक्ष, सिक्योरिटी गार्ड शामिल
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में चोरबागान पूजा कमेटी के सचिव राजकुमार सेओड़ा और उपाध्यक्ष शांतनु दुबे शामिल हैं। इनके अलावा पंडाल में बांस का ढांचा लगाने वाले बिप्लब मुखोपाध्याय और भीड़ संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले कौशिक साहा और पिंटू डे को गिरफ्तार किया गया है। सुमन चक्रवर्ती और राजेश पाल नाम के सिक्योरिटी गार्ड भी गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों एक प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के कर्मचारी है।

डॉक्टर बोले- एक को छोड़ सबकी हालत स्थिर, 13 साल की बच्ची भी भर्ती
घायलों से मिलकर दिल्ली रवाना हुए अमित शाह
14 घायलों का इलाज जारी, 11 जनरल वार्ड में भर्ती
भगदड़ के दौरान घायल हुए 25 लोगों में से 14 का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से 3 मरीज ICU में भर्ती हैं और एक की हालत गंभीर है। पश्चिम बंगाल क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमीशन के अध्यक्ष विश्वजीत बसु ने रविवार को यह जानकारी दी। बसु के मुताबिक, ICU में भर्ती एक मरीज के शरीर में एसिड की मात्रा बढ़ने यानी एसिडोसिस की समस्या है। डॉक्टरों का मानना है कि भीड़ में लंबे समय तक दबे रहने से मांसपेशियों को चोट पहुंचने के कारण ऐसा हो सकता है। बाकी दो मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट करने की उम्मीद है। जनरल वार्ड में भर्ती 11 मरीजों की हालत भी लगभग स्थिर है।

घायलों से मिलने प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह रविवार सुबह कोलकाता के उस प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे, जहां दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान घायल हुए 14 लोगों का इलाज चल रहा है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, शाह डॉक्टरों से बात कर घायलों के इलाज की जानकारी लेंगे और मरीजों से भी मिल सकते हैं। अस्पताल जाने से पहले अमित शाह ने कालीघाट मंदिर में दर्शन किए। वे दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। हालांकि, घटना के बाद शाह ने दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए।

जांच के लिए हाईकोर्ट जज की अगुवाई में SIT बनेगी
मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट के मौजूदा जज की अगुवाई में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की घोषणा की है। इसमें स्पेशल टास्क फोर्स (STF), क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। सरकार हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से जांच की अगुवाई के लिए जज नामित करने का अनुरोध करेगी। सरकार ने कहा है कि हादसे के दौरान की CCTV फुटेज की जांच की जाएगी।

मृतकों के परिजनों को ₹25 लाख और सरकारी नौकरी का ऐलान
बंगाल सरकार ने भगदड़ से हुई 19 लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को ₹25 लाख और परिवार के एक सदस्य को ग्रुप-D की सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी उठाएगी।

चोरबागान पंडाल के थीम आर्टिस्ट बोले- कल काला दिन था
चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के थीम आर्टिस्ट सुशांत शिबानी पाल ने भगदड़ वाले हादसे को दुर्गा पूजा का ‘काला दिन’ बताया। पाल ने बताया कि वे शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे पंडाल में मौजूद थे। उस समय भी वहां भारी भीड़ थी। उन्होंने बताया कि मूर्ति के सामने लोग तस्वीरें खींचने के लिए रुक रहे थे, जिससे भीड़ जमा हो रही थी। इसे काबू करने के लिए पुलिस के सुझाव पर शनिवार दोपहर कपड़े की परतें लगाई गई थीं, ताकि लोग ऊपर से तस्वीरें लेने के लिए न रुकें। घटना के बाद पूजा अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *