बिसलेरी के पानी में बैक्टीरिया मिला, बंगाल का सैंपल फेल:FSSAI ने दूसरी बार केस चलाने की मंजूरी दी; गोवा में कैंसर से जुड़े केमिकल मिले थे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बिसलेरी के पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है। इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी है। यह जानकारी न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से दी है।

FSSAI के मुताबिक, प्राथमिक और रेफरल दोनों लैब में इसकी पुष्टि हुई। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सीवेज के पानी या गंदे पाइपों के जरिए पीने के पानी में पहुंच सकता है। इससे पहले गोवा में बिसलेरी के पानी के सैंपल में कैंसर से जुड़े केमिकल ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) मिले थे। तब भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी।


बिसलेरी के एक बैच पर लगी बिक्री की रोक

FSSAI ने बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 के पानी का सैंपल जांच के लिए लिया था। यह सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिया गया था। इस बैच को 20 जुलाई 2026 को बनाया गया था और इसकी एक्सपायरी डेट 19 जनवरी 2027 थी। दो लैब में बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। यह कार्रवाई बिसलेरी के सिर्फ एक बैच (PB 201) पर हुई है।

देशभर में पानी के सैंपल जांच रहा FSSAI

FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद कंपनियों से नियमों का पालन कराना है, न कि लोगों में डर फैलाना।

FSSAI ने सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग और मिनरल वाटर की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

बिसलेरी ने कहा- जांच में पूरा सहयोग करेंगे

बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया है। कंपनी ने कहा कि वह FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी।

कंपनी के मुताबिक, पानी तैयार करने के दौरान 10 चरणों में 90 से ज्यादा बार उसकी गुणवत्ता जांची जाती है। बिसलेरी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *