निर्माणाधीन नाले में गिरा सांड, तड़प-तड़पकर मौत
जाजमऊ के कैलाश नगर में देर रात हादसा, स्थानीय लोगों ने बचाने का किया प्रयास; लंबे समय से नाला खुला होने का आरोप
कानपुर। जाजमऊ के कैलाश नगर में निर्माणाधीन नाला शुक्रवार रात एक सांड के लिए जानलेवा साबित हुआ। रात करीब 10 बजे दयाल मेडिकल स्टोर के पास खुला पड़ा निर्माणाधीन नाला में अचानक सांड गिर गया। नाला गहरा होने के कारण स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी देर तक नाले में फंसे रहने के बाद सांड की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सांड को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लोगों ने बचाने की कोशिश की, नहीं मिली सफलता
स्थानीय निवासी राजेश सोनकर और अनिल शैनी ने बताया कि रात में अचानक सांड निर्माणाधीन नाले में गिर गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। लोगों ने अपने स्तर से काफी कोशिश की, लेकिन नाला गहरा होने के कारण सांड को बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सांड को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लंबे समय से खुला पड़ा है नाला
स्थानीय निवासी निक्कू और आकाश ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन नाला लंबे समय से खुला पड़ा है। इसके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि पहले भी कई आवारा पशु इस नाले में गिर चुके हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक नाले के आसपास न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी संबंधी संकेत लगाए गए हैं। उनका आरोप है कि खुले नाले के कारण राहगीरों को भी खतरा बना रहता है और कई बार लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं।
पशुओं के साथ राहगीरों के लिए भी खतरा
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से नाले का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण पूरा होने तक नाले के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग और पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए जाने चाहिए। लोगों का कहना है कि खुले नाले से पशुओं के साथ राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में है। यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

