बिधनू: पत्नी के मायके से न लौटने पर परेशान ट्रक ड्राइवर ने फंदा लगाकर दी जान

बिधनू: पत्नी के मायके से न लौटने पर परेशान ट्रक ड्राइवर ने फंदा लगाकर दी जान

मझावन गांव की घटना, मां ने कमरे में लटकता देखा शव; छह साल पहले हुई थी शादी

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के मझावन गांव में पत्नी के मायके से वापस न लौटने से परेशान 27 वर्षीय ट्रक चालक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह सफाई के दौरान मां ने बेटे का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे लटकता देखा तो उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

छह साल पहले हुई थी शादी, एक साल से मायके में थी पत्नी

मझावन गांव निवासी हरिशंकर साहू किसान हैं। परिवार में उनकी पत्नी कुशमा साहू और तीन बेटे अमित, विनीत और रविंद्र साहू थे। परिजनों के मुताबिक तीनों भाई ड्राइविंग का काम करते हैं। 27 वर्षीय रविंद्र ट्रक चलाता था।

करीब छह साल पहले रविंद्र की शादी सारिका साहू से हुई थी। दोनों की पांच साल की बेटी सृष्टि है। बड़े भाई अमित ने बताया कि करीब एक साल पहले किसी बात को लेकर रविंद्र और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सारिका बेटी को लेकर अपने मायके चली गई थी। तब से वह वहीं रह रही थी।

परिजनों के मुताबिक रविंद्र लगातार पत्नी से वापस घर आने के लिए कहता था, लेकिन वह नहीं लौटी। पत्नी और बेटी के लंबे समय से घर नहीं आने के कारण वह परेशान रहने लगा था।

पत्नी के वापस न आने से बढ़ गई थी परेशानी

भाई अमित के मुताबिक पिछले कुछ समय से रविंद्र मानसिक रूप से परेशान रहता था और उसने शराब का सेवन भी बढ़ा दिया था। सोमवार देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने कमरे में चला गया।

परिजनों के मुताबिक रात करीब एक बजे रविंद्र कमरे से उठकर घर के दूसरे कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। रात में परिवार के लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

सुबह मां ने देखा तो मची चीख-पुकार

मंगलवार सुबह रविंद्र की मां कुशमा उठकर घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान दूसरे कमरे में पहुंचने पर उनकी नजर फंदे से लटक रहे बेटे पर पड़ी। बेटे को इस हालत में देखते ही उनकी चीख निकल गई।

चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। रविंद्र को फंदे से लटका देखकर घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही बिधनू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी के मायके में रहने से परेशान था युवक

बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि मृतक की पत्नी करीब एक साल से अपने मायके में रह रही थी। इसी बात को लेकर वह परेशान रहता था। देर रात उसने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *