2027 के रण के लिए अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा शुरू, रायबरेली में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए PDA रथ यात्रा अभियान की शुरुआत करने रायबरेली पहुंचे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के PDA रथ यात्रा अभियान की शुरुआत करने रायबरेली पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव ने पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।
वहीं PDA यात्रा पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह रथ यात्रा हमारी पार्टी, राज्य और देश की जनता के लिए एक अच्छा संदेश और संकेत है। जब भी हमने कोई यात्रा की है, वह राज्य की जनता और हमारे लिए शुभ रही है। बता दें सपा की ओर से इस अभियान के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क को आगे बढ़ाने की तैयारी है। अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रस्तावित रथ यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी की ओर से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों (PDA) से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

