सीएसए में जूनियर छात्रों से दुर्व्यवहार के मामले में जांच तेज, मंगलवार को अभिभावक तलब
कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में जूनियर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को अनुशासन समिति ने दोनों पक्षों के विद्यार्थियों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। सभी संबंधित छात्रों से घटनाक्रम की जानकारी लिखित रूप में भी ली गई है। अब मंगलवार को विद्यार्थियों के अभिभावकों को विश्वविद्यालय बुलाया गया है।
मामला विश्वविद्यालय के तिलक छात्रावास का है। बीएससी वानिकी के दो विद्यार्थियों ने बीएससी कृषि के कुछ छात्रों पर अपमानित करने, जबरन दंडात्मक मुद्रा में खड़ा करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रों का कहना है कि उनके साथ हुई अभद्रता की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया। मामला पुलिस तक भी पहुंच चुका है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत 20 नवंबर को रैगिंग से जुड़ी शिकायत के बाद हुई थी। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि पुरानी शिकायत में सहयोग करने की नाराजगी के चलते उन्हें निशाना बनाया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
अभिभावकों के सामने भी रखे जाएंगे पक्ष
डीएसडब्ल्यू प्रो. मुकेश श्रीवास्तव के मुताबिक, दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मंगलवार को संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाकर उनसे भी बातचीत की जाएगी। जांच के सभी पहलुओं और निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


