ब्लड कैंसर से जूझ रहे युवक ने फंदा लगाकर दी जान, चार साल से चल रहा था इलाज
कानपुर। नौबस्ता के मछरिया में ब्लड कैंसर से पीड़ित 28 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार देर रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था। शनिवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजन उसे जगाने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया निवासी संदीप (28) निजी नौकरी करता था। परिवार में मां मालती और बड़ा भाई दीपू हैं। पिता जगजीवन की कुछ समय पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, संदीप करीब चार साल से ब्लड कैंसर से पीड़ित था। उसका उपचार चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा था। बीमारी के चलते वह अक्सर परेशान रहता था। कई बार मुंह से खून आने के कारण भी उसे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात संदीप ने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजन उसे देखने पहुंचे। बड़े भाई दीपू ने कमरे में उसे फंदे पर लटका देखा तो चीख निकल गई। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। घर में चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी तरह का आरोप नहीं लगाया गया है। शुरुआती पूछताछ में युवक के करीब चार साल से ब्लड कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी मिली है। बीमारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


