सीएसए के दो छात्रों को मुर्गा बनाकर जातिसूचक गालियां दीं, थूकने का वीडियो वायरल
कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में रैगिंग की शिकायत करने की खुन्नस में दो छात्रों के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। बीएससी वानिकी द्वितीय वर्ष के दो छात्रों ने बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के छात्रों पर मुर्गा बनाने, जातिसूचक गालियां देने और उन पर थूकने का आरोप लगाया है। आरोपितों ने घटना का वीडियो बनाकर स्टूडेंट्स के वाट्सएप ग्रुप में भी वायरल कर दिया। पीड़ित छात्रों ने पुलिस से शिकायत की है।
पीड़ित छात्रों के मुताबिक, 20 नवंबर को वानिकी प्रथम वर्ष के कुछ छात्रों को कृषि द्वितीय वर्ष के छात्र प्रताड़ित कर रहे थे। इसकी शिकायत एंटी रैगिंग सेल में की गई थी। इसी दौरान प्रथम वर्ष का एक छात्र उनके संपर्क में आया तो उन्होंने उसे प्रताड़ित करने वाले छात्रों की पहचान बता दी थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने उनके साथ अभद्रता की।

तिलक हॉस्टल बुलाकर किया अपमानित
पीड़ितों ने बताया कि 24 नवंबर को कृषि द्वितीय वर्ष के कुछ छात्र उनके कर्पूरी ठाकुर हॉस्टल पहुंचे और गाली-गलौज की। उस समय दोनों छात्र हॉस्टल में मौजूद नहीं थे। वापस लौटने पर उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने फोन करके विवाद का कारण पूछा। इस पर आरोपितों ने उन्हें तिलक हॉस्टल बुलाया।
आरोप है कि 24 नवंबर की रात करीब नौ बजे दोनों छात्र तिलक हॉस्टल पहुंचे तो उन्हें मुर्गा बनाया गया। इस दौरान एक छात्र को जातिसूचक शब्द कहे गए। इसके बाद दोनों छात्रों पर बारी-बारी से थूका गया। पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और स्टूडेंट्स के वाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया गया। वीडियो में ‘वन टाइम ओपन’ फीचर लगाया गया था, जिससे उसे सेव नहीं किया जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन बोला, जांच कराई जा रही
सीएसए के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि हॉस्टल में मारपीट की सूचना पर डीएसडब्ल्यू मौके पर गए थे, लेकिन इस घटना की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी।
डीएसडब्ल्यू प्रो. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। छात्रों ने पुलिस में शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, नवाबगंज इंस्पेक्टर राजकेसर सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना पर चौकी प्रभारी मौके पर गए थे। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच डीएसडब्ल्यू कर रहे हैं।


