दावा-NCP परिसीमन बिल के समर्थन में, सुप्रिया केंद्रीय मंत्री बनेंगी:24 दिन पहले खबर आई कि PM ने पवार से कहा था- मिलकर देश संभालेंगे
शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करेगी, इसके बदले पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। NDTV ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी। पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं।
पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस पर बिल का ड्राफ्ट देखने और पार्टी में अंदरूनी चर्चा करने के बाद फैसला लेने की बात कही थी।
करीब 24 दिन पहले खबर आई थी कि PM मोदी ने अस्पताल में भर्ती शरद पवार को फोन किया था। उन्होंने कहा था, ‘सुप्रिया अब तैयार हैं। हम दोनों मिलकर देश संभालेंगे। आप आराम कीजिए।’ यह जानकारी पवार के करीबी विट्ठल मनियार ने दी थी।
दरअसल, NCP (SP) के महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक और लोकसभा में 8 सांसद हैं। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होगा।

कांग्रेस की नाराजगी से दावा और पुख्ता, बोली- आपके लिए राज्यसभा सीट छोड़ी थी
महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार की पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताई है। पार्टी ने X पर पोस्ट कर कहा कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को जिताने के लिए उसने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। उस समय NCP-SP के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 36 वोट चाहिए थे। कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने पिता के लिए समर्थन मांगा था। इसके बाद महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि अब वही शरद पवार और उनकी पार्टी भाजपा सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन क्यों कर रहे हैं।
परिसीमन बिल पास हुआ तो सीटें 50% बढ़ जाएंगी
लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव शुक्रवार को कैबिनेट ने मंजूर कर दिया। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी।
सीटों की संख्या का निर्धारण 1971 की जनगणना से और संसदीय क्षेत्रों की सीमाओं का परिसीमन 2011 के जनगणना के आधार पर होगा।
कई राज्यों में 50% के हिसाब से आधी सीट बढ़ रही है। ऐसे में अगली सीट पूरी गिनी जा सकती है। तब बढ़ने वाली सीटें 281 होंगी और कुल सीटें 824 हो जाएंगी। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।
सरकार परिसीमन के बिल को 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। यह सत्र 3 दिसंबर तक चलेगा।
इससे क्या बदलेगा:
- केंद्र और राज्य के सदनों में 33% सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व होंगी।
- लोकसभा में 815 सीटें हो जाएंगी, जिनमें महिलाओं के लिए 272 होंगी।
- विधानसभा में भी 6,185 सीटें होंगी, जिनमें महिलाओं के लिए 2,042 होंगी।
16, 17 अप्रैल को संसद में जो बिल पास नहीं हो सका था, उसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना थी, जिससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बदलने की आशंका थी। अब नए बिल में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने की योजना है। यानी नए प्रस्ताव का मुख्य बदलाव यह है कि लोकसभा में सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।
सीटें बढ़ाने का नया बिल, पुराने बिल से कितना अलग
- लोकसभा में 40, राज्यसभा में 11 सांसदों की जरूरत
- लोकसभा में NDA के साथ 320 सांसद हैं। फिलहाल 3 लोकसभा सीटें खाली हैं। यानी लोकसभा में अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से NDA अभी 40 वोट पीछे हैं।
- राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से NDA अभी 11 वोट पीछे हैं।
सरकार संसद में संशोधन बिल कैसे पास कराएगी
पहली स्थिति- सभी 540 सांसद वोटिंग करें तो सरकार को तीन पार्टियों (DMK, NCP-SP और YSRCP) का समर्थन चाहिए। साथ ही क्रॉस वोटिंग की भी जरूरत पड़ेगी।
दूसरी स्थिति- यूपी चुनाव को देखते सपा वोटिंग से बच सकती है। क्योंकि बिल के खिलाफ वोट करने पर आगामी चुनाव में भाजपा इसको मुद्दा बना लेगी। सपा के अनुपस्थित रहने से केंद्र सरकार की राह आसान हो जाएगी।


