कानपुर में कन्हैया मित्तल की भजन संध्या में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, ‘सेठों के सेठ’ और ‘जो राम को लाए हैं’ पर झूमे श्रद्धालु, योगी-मोदी का भी किया जिक्र
कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक सेवा मेले में शुक्रवार रात आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय भजन ‘सेठों के सेठ’ और ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमे और नाचते नजर आए। भजनों की प्रस्तुति के दौरान कन्हैया मित्तल भी मंच पर थिरकते रहे। पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
भजन संध्या के दौरान कन्हैया मित्तल ने भगवान राम, सनातन धर्म और राम मंदिर का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 500 साल तक रामलला तंबू में रहे, लेकिन उस समय राजनीति करने वालों को उनका दुख दिखाई नहीं दिया। सरकारें आती रहीं और जाती रहीं। चुनाव के समय रामलला की याद आने लगती थी, जबकि पहले लोग वोट लेने के लिए अलग-अलग धार्मिक मुद्दों की बात करते थे।
उन्होंने मंच से कहा, ‘जो योगी से प्यार करता है, वह जय श्रीराम का उद्घोष करे।’ इसके बाद पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने जोरदार जयकारे लगाए।
कन्हैया मित्तल ने माता सीता और भगवान राम का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि माता सीता प्रभु राम से पूछती होंगी कि क्या कलयुग में कोई ऐसा नहीं है, जो हमारा महल बनवा सके, जिसमें लक्ष्मण जी भी हों। इस पर प्रभु राम कहते होंगे कि उत्तर प्रदेश में योगी और दिल्ली में मोदी होंगे। आज यही हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी को इसमें राजनीति दिखाई देती है तो वह भी राम के लिए कुछ करके दिखाए, हम उसका भी नाम ले लेंगे।

बोले- कट्टर हिंदू हैं हम, बस राम की बात करते हैं
कन्हैया मित्तल ने सनातन धर्म पर आधारित गीत प्रस्तुत करते हुए कहा, ‘भगवा है चोला जिनका, वो राम की बात करें। कट्टर हिंदू हैं हम, बस राम की बात करें।’ इस गीत पर भी श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ उनका साथ दिया। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भजनों पर झूमते नजर आए।
ज्ञानवापी का जिक्र कर बोले- जहां शिव होंगे, वहीं मंदिर बनेगा
भजन संध्या के दौरान कन्हैया मित्तल ने ज्ञानवापी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘अब मंदिर वहीं बनेगा। जहां शिव होंगे, वहां मंदिर होगा।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह भारत कोई बाबर, डाबर या गाजर का नहीं है, यह भारत सनातनियों का है।
कन्हैया मित्तल की भजन संध्या देर रात तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। उनके लोकप्रिय भजनों पर लोग मोबाइल से वीडियो बनाते और सुर में सुर मिलाते नजर आए। धार्मिक गीतों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच हिंदू आध्यात्मिक सेवा मेले का माहौल भक्तिमय बना रहा।


