न एटीएम कार्ड, न ओटीपी बताया, फिर भी टाइपिस्ट के दो खातों से 16 लाख पार

छह दिन में यूपीआई के जरिए निकाले 15.99 लाख रुपये, बैंक के मैसेज देखने पर परिवार को हुई ठगी की जानकारी

कानपुर। साइबर ठगों ने चकेरी निवासी एक टाइपिस्ट के दो बैंक खातों से करीब 16 लाख रुपये पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ने न तो एटीएम कार्ड जारी कराया था और न ही किसी को ओटीपी बताया था। इसके बावजूद छह दिन के भीतर दोनों खातों से यूपीआई के माध्यम से 15,99,985 रुपये निकाल लिए गए। 21 नवंबर को मोबाइल पर आए बैंक के मैसेज देखने के बाद पीड़ित परिवार को ठगी की जानकारी हुई। गुरुवार शाम साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बैंक के मैसेज से खुला ठगी का मामला

चकेरी निवासी शिव बहादुर कचहरी में टाइपिस्ट हैं। उनके बेटे सुभाष यादव ने बताया कि 21 नवंबर को पिता के मोबाइल पर आए बैंक के कुछ मैसेज देखे। मैसेज में 13 से 19 नवंबर के बीच दोनों बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 15,99,985 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी होते ही परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर खातों की पड़ताल कराई तो पता चला कि रकम यूपीआई के माध्यम से निकाली गई है।

न एटीएम इस्तेमाल किया, न किसी को बताया ओटीपी

सुभाष के मुताबिक उनके पिता एटीएम कार्ड का इस्तेमाल नहीं करते हैं। उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी भी नहीं बताया था। इसके बावजूद दोनों खातों से लाखों रुपये निकल गए। परिवार को समझ नहीं आ रहा कि बिना एटीएम कार्ड और ओटीपी साझा किए साइबर ठगों ने खातों से रकम कैसे निकाल ली।

इसके बाद पीड़ित परिवार ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की गई। परिवार ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

खातों की जांच में जुटी पुलिस

साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों बैंक खातों का विवरण निकलवाया जा रहा है। यूपीआई के जरिए हुए लेनदेन की जांच की जा रही है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *