हैलट में आयुष्मान योजना के नाम पर मरीजों से ठगी, दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त
फर्जी मुहर लगाकर निशुल्क जांच के नाम पर वसूलते थे रकम, डीएमएलटी के पूर्व छात्र को पुलिस के हवाले किया
कानपुर। हैलट अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के नाम पर मरीजों से ठगी के मामले में अस्पताल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। निशुल्क जांच और शुल्क में छूट दिलाने का झांसा देकर मरीजों से रकम वसूलने के मामले में पैथोलॉजी विभाग के दो संविदाकर्मियों की संलिप्तता सामने आई है। जांच में भूमिका की पुष्टि होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने शशांक और अनिकेत की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। वहीं, फर्जी आयुष्मान मुहरों के जरिए ठगी करने के मामले में पकड़े गए डीएमएलटी के पूर्व छात्र को स्वरूप नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

फर्जी आयुष्मान मुहर लगाकर वसूलते थे रकम
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि आरोपी मरीजों की जांच पर्चियों पर आयुष्मान योजना की फर्जी मुहर लगाकर उन्हें निशुल्क जांच कराने का भरोसा दिलाते थे। इसके बदले मरीजों से कम रकम वसूलकर आपस में बांट लेते थे। इस तरह सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर मरीजों से अवैध वसूली की जा रही थी।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब एक मरीज के तीमारदार ने इस संबंध में अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत दी। शिकायत के बाद सक्रिय हुए सुरक्षा कर्मचारियों ने संबंधित युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया युवक डीएमएलटी पाठ्यक्रम के वर्ष 2023-24 बैच का पूर्व छात्र है।
पूर्व छात्र ने खोली संविदाकर्मियों की भूमिका
पकड़े गए पूर्व छात्र से पूछताछ में पैथोलॉजी काउंटर पर तैनात संविदाकर्मी शशांक और अनिकेत के नाम सामने आए। पूर्व छात्र ने बताया कि दोनों कर्मचारियों ने ही उसे फर्जी आयुष्मान मुहरें बनवाने के लिए कहा था। इसके लिए जरूरी जानकारी और प्रक्रिया भी उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. संजय काला के निर्देश पर जांच टीम गठित की।
जांच के दौरान दोनों संविदाकर्मियों की संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य मिलने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के नाम पर मरीजों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्वरूप नगर पुलिस को सौंपी शिकायत
मामले में सीएमएस डॉ. दीपक आनंद की ओर से स्वरूप नगर चौकी में लिखित तहरीर दी गई है। पकड़े गए डीएमएलटी के पूर्व छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही पैथोलॉजी काउंटर की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में मरीजों को सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगी का शिकार न होना पड़े।


