15 दिसंबर तक जिंदा रहा तो रमेश यादव के घर हुई लूट का कर दूंगा खुलासा: युवक का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर युवक ने किया दावा, पुलिस पर हिरासत में लेकर मारपीट करने का भी लगाया आरोप; पहले भी आत्महत्या की चेतावनी देकर कर चुका है हाईवोल्टेज ड्रामा

कानपुर नगर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह यादव के घर हुई लाखों रुपये की लूट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। घटना के काफी समय बाद भी पुलिस के हाथ खाली बताए जा रहे हैं। इसी बीच न्योरी गांव निवासी श्याम सुंदर नाम के युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सनसनीखेज दावा किया है। युवक का कहना है कि यदि वह 15 दिसंबर तक जिंदा रहा तो रमेश यादव के घर हुई लूट का खुलासा कर देगा। उसने वीडियो में यह भी कहा कि यदि इस दौरान उसकी हत्या हो जाती है तो इसकी कोई बात नहीं।

वायरल वीडियो में श्याम सुंदर ने रमेश यादव पर निशाना साधते हुए बजरंगबली की झूठी कसम खाने की बात कही और कहा कि इसका जवाब वह अपने तरीके से देगा। युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस उसे तीन से चार बार अपने साथ ले जा चुकी है और उसके साथ मारपीट भी की गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो में युवक ने धार्मिक चौपाई का जिक्र करते हुए कहा कि अब उसे सूक्ष्म रूप छोड़कर विकट रूप धारण करना होगा, ताकि लूटकांड का खुलासा हो सके। उसके इस बयान के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

युवक द्वारा हाई वोल्टेज ड्रामा करने के दौरान की फ़ोटो

अगस्त में भी किया था आत्महत्या का प्रयास

श्याम सुंदर इससे पहले बीती 25 अगस्त को भी अपने घर की पहली मंजिल की बालकनी में फंदा डालकर बैठ गया था। उसने रेलिंग से रस्सी बांधकर गले में फंदा डाल लिया था और आत्महत्या करने की चेतावनी दी थी। उस दौरान युवक ने ग्राम प्रधान और दो अन्य लोगों पर पुलिस से मिलीभगत कर पिछले एक साल से प्रताड़ित कराने का आरोप लगाया था।

युवक का कहना था कि वह इस संबंध में दो दर्जन से अधिक शिकायतें कर चुका है और मुख्यमंत्री के जनता दरबार तक अपनी फरियाद पहुंचा चुका है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। घटना के दौरान उसने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को घर के अंदर बंद कर दिया था। साथ ही पुलिस पर दबाव बनाने के लिए कुछ पुराने ऑडियो भी सुनाए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया था। पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवक ग्राम प्रधान और अन्य लोगों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ा रहा।

करीब छह घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। प्राथमिकी की कॉपी दिखाए जाने के बाद ही वह फंदा हटाकर नीचे उतरा था।

अब 15 दिसंबर के दावे से बढ़ी चर्चा

एक बार फिर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर 15 दिसंबर तक लूटकांड का खुलासा करने का दावा किए जाने से मामला चर्चा में है। युवक के बयान और पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक के पास लूटकांड से जुड़ी कोई ठोस जानकारी है या उसका दावा किसी व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है। पुलिस जांच और युवक के आरोपों की निष्पक्ष पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *