सीओडी पुल पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, मौत; बुजुर्ग दंपती समेत चार घायल
टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंची कार, दूसरी ओर से आ रहे राहगीर बाल-बाल बचे; पुल पर लगा 500 मीटर लंबा जाम
कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र के सीओडी पुल पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग दंपती और उनके दामाद समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला की गंभीर हालत देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान चकेरी के गांधीग्राम निवासी बाबू सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद सीओडी पुल पर करीब 500 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।
बुजुर्ग दंपती और दामाद घायल
कार में प्रेमचंद्र गुप्ता (78), उनकी पत्नी रेखा गुप्ता (70), बेटी शिल्पी ओमर, दामाद दिलीप ओमर और एक बच्ची सवार थी। हादसे में प्रेमचंद्र, रेखा और दिलीप घायल हो गए, जबकि शिल्पी और बच्ची को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने रेखा गुप्ता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
टक्कर के बाद दूसरी लेन में पहुंची कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर पुल की दूसरी लेन में पहुंच गई। इस दौरान सामने से आ रहे कई राहगीर बाल-बाल बच गए। अचानक हुए हादसे से पुल पर अफरातफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। देखते ही देखते करीब 500 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


