प्रोजेक्ट गिफ्ट से बदलेगी कानपुर के 42 प्रमुख चौराहों की तस्वीर, डीएम ने बड़ा चौराहा और घंटाघर का किया निरीक्षण
लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड और रोड मार्किंग से सुधरेगा यातायात, जाम से मिलेगी राहत

कानपुर नगर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। प्रोजेक्ट गिफ्ट (गाइडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर ट्रैफिक) के तहत शहर के 42 प्रमुख चौराहों का कायाकल्प किया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बड़ा चौराहा एवं घंटाघर चौराहे का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बड़ा चौराहे पर वाहनों के आवागमन, यातायात के दबाव और मौजूदा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने चौराहे को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों की संभावनाएं देखीं। इसके बाद अधिकारियों ने घंटाघर चौराहे का निरीक्षण कर वहां लगने वाले जाम और वाहनों की आवाजाही से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि दोनों चौराहों की भौतिक स्थिति और यातायात संबंधी जरूरतों का विस्तृत आकलन कर सुधार कार्यों का प्रभावी प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था, निर्धारित यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड और रोड मार्किंग जैसी सुविधाओं को विकसित किया जाए, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चौराहों के विकास में सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रोजेक्ट गिफ्ट का मुख्य उद्देश्य कानपुर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाना, जाम की समस्या कम करना तथा शहरवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। 42 प्रमुख चौराहों के व्यवस्थित होने से शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय तथा स्टूडियो अर्बनलिंक एलएलपी के गिफ्ट प्रोजेक्ट कंसल्टेंट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


