रेउना में शादी के सात माह बाद नवविवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान
बेटी को साथ रखने को लेकर पति से होता था विवाद, पिता का मारपीट और प्रताड़ना का आरोप; दीवार तोड़कर कमरे में दाखिल हुए मायके वाले, शव देख मचा कोहराम
कानपुर। रेउना में शादी के महज सात माह बाद एक नवविवाहिता ने ससुराल में फंदा लगाकर जान दे दी। बेटी का फोन नहीं उठने पर देर रात पिता और भाई उसे देखने पहुंचे तो घर पर कोई नहीं मिला। काफी देर तक कमरे का दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर मायके वालों ने कमरे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो पूनम का शव दुपट्टे के सहारे छत के कुंडे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर पिता और भाई बदहवास हो गए। घटना के बाद से पति समेत ससुरालीजन घर से गायब हैं। मायके वालों ने पति और ससुरालियों पर मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल गांव निवासी प्रदीप तिवारी किसान हैं। उनके परिवार में दो बेटे नीलेश और अर्पित के अलावा तीन बेटियां हैं। छोटी बेटी पूनम तिवारी (32) की शादी चार अप्रैल 2026 को रेउना निवासी गुड्डू के साथ हुई थी। पूनम की यह दूसरी शादी थी। पिता प्रदीप के मुताबिक, उसकी पहली शादी नीरज से हुई थी। पहली शादी से पूनम की एक बेटी अनन्या है। आरोप है कि पहले पति की मारपीट से परेशान होकर पूनम करीब डेढ़ साल बाद उससे अलग हो गई थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया था।
प्रदीप ने बताया कि दूसरी शादी के समय ही ससुराल वालों को स्पष्ट कर दिया गया था कि पूनम की बेटी अनन्या भी उसके साथ रहेगी। उस समय ससुरालीजनों ने इस पर सहमति जताई थी, लेकिन शादी के करीब सात माह बाद जब बेटी को साथ रखने की बात आई तो पति और ससुरालीजन विरोध करने लगे। आरोप है कि पति दूसरी शादी से हुई बेटी को साथ रखने के लिए तैयार नहीं था। वहीं सास लीलावती भी बेटी को घर में रखने से बदनामी होने की बात कहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगा। पिता का आरोप है कि पति पूनम के साथ मारपीट करता था और उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
डेढ़ घंटे तक दरवाजा खटखटाते रहे पिता और भाई

प्रदीप तिवारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात पूनम और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद भाई अर्पित ने बहन से बात करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद बताता रहा। पिता ने भी फोन मिलाया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। इससे परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद पिता अपने बेटे अर्पित के साथ देर रात पूनम की ससुराल पहुंच गए। वहां घर पर कोई नहीं मिला। उन्होंने काफी देर तक बेटी के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस बीच उन्होंने दामाद गुड्डू को फोन किया तो उसने किसी काम से बाहर होने की बात कहते हुए करीब डेढ़ घंटे बाद घर लौटने की जानकारी दी।
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई आहट नहीं मिलने पर मायके वालों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने कमरे की दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया। कमरे में दाखिल होते ही पूनम का शव दुपट्टे के सहारे छत के कुंडे से लटकता मिला। बेटी का शव देखकर पिता और भाई के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी।
112 पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही रेउना थाने का पुलिस बल और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने पति और ससुरालीजनों पर मारपीट करने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
परिजनों का कहना है कि पूनम बेटी को अपने साथ रखना चाहती थी, लेकिन ससुरालीजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पति समेत ससुरालीजनों के घर से गायब होने को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि मायके पक्ष ने पति और ससुरालीजनों पर मारपीट करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


