ई-सिगरेट की बिक्री पर एक साल की जेल और एक लाख रुपये जुर्माना, विद्यार्थियों को किया जागरूक
तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत दो विद्यालयों में कार्यक्रम, स्कूलों के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित
कानपुर। युवाओं और किशोरों को तम्बाकू एवं नशीले पदार्थों के सेवन से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत गुरुवार को शहर के दो विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें छात्र-छात्राओं को ई-सिगरेट, वेपिंग और तम्बाकू उत्पादों से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के साथ-साथ इनके इस्तेमाल और बिक्री पर लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

जी.एन.के. इंटर कॉलेज, सिविल लाइन्स और बी.एन.एस.डी. शिक्षा निकेतन, चुन्नीगंज में आयोजित कार्यक्रम में जनपद सलाहकार निधि वाजपेयी ने विद्यार्थियों को बताया कि ई-सिगरेट को सामान्य सिगरेट का सुरक्षित विकल्प समझना गलत है। इससे निकलने वाले एरोसोल में निकोटीन समेत कई हानिकारक पदार्थ मौजूद हो सकते हैं। निकोटीन की लत किशोरों और युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं इन उत्पादों से दूर रहने और अपने परिवार तथा मित्रों को भी जागरूक करने की अपील की।
ई-सिगरेट पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर सख्त सजा
कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (पेका), 2019 की जानकारी देते हुए बताया गया कि देश में ई-सिगरेट के उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर प्रतिबंध है। इसके उल्लंघन पर पहली बार एक वर्ष तक की जेल या एक लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। दोबारा उल्लंघन करने पर तीन वर्ष तक की जेल और पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं ई-सिगरेट के भंडारण पर भी प्रतिबंध है। इसके उल्लंघन पर छह माह तक की जेल या 50 हजार रुपये तक जुर्माना अथवा दोनों की सजा हो सकती है।
स्कूलों के आसपास तम्बाकू बिक्री पर रोक
विद्यार्थियों को सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तम्बाकू उत्पाद बेचना और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में इनकी बिक्री करना कानूनन प्रतिबंधित है। इन प्रावधानों का उल्लंघन करने पर 200 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा तम्बाकू उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध और पैकेटों पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी की अनिवार्यता के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्रश्नोत्तरी के जरिए परखी गई जानकारी

जनपद के तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ई-सिगरेट, तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधानों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को तम्बाकू एवं अन्य नशीले उत्पादों से दूर रहने तथा समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


