जनगणना की स्वगणना में सर्वर का झटका, तीन दिन में कानपुर के 17,259 लोगों ने भरे फॉर्म

जनगणना की स्वगणना में सर्वर का झटका, तीन दिन में कानपुर के 17,259 लोगों ने भरे फॉर्म

पोर्टल की धीमी रफ्तार और लोकेशन सत्यापन में आ रही दिक्कतें, प्रदेश में नौवें स्थान पर जिला; 30 नवंबर तक चलेगी ऑनलाइन प्रक्रिया

कानपुर। जनगणना-2027 के तहत घर बैठे स्वगणना की सुविधा लोगों के लिए सहूलियत से ज्यादा परेशानी का सबब बन रही है। पोर्टल का धीमा सर्वर, मोबाइल नंबर स्वीकार न करना और लोकेशन चुनने में आ रही तकनीकी दिक्कतों से लोग जूझ रहे हैं। कई बार जानकारी भरने के बाद अगला पेज नहीं खुलता तो कभी मकान की लोकेशन चुनने और उसका सत्यापन कराने में अड़चन आती है। दोपहर के समय पोर्टल पर दबाव बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद तीन दिनों में कानपुर के 17,259 लोगों ने स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रदेश स्तर पर जिला नौवें स्थान पर है।

स्वगणना की प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का काम करेंगे। स्वगणना में बरेली 33,982 लोगों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि हरदोई करीब 32 हजार लोगों के साथ दूसरे स्थान पर है। कानपुर 17,259 लोगों के साथ नौवें पायदान पर है।

पता और लोकेशन सही भरना जरूरी

स्वगणना फॉर्म में मकान नंबर, पूरा पता, क्षेत्र और लोकेशन सही दर्ज करना जरूरी है। पता अधूरा या गलत होने पर परिवार की जानकारी किसी दूसरे प्रगणक के एन्यूमरेशन ब्लॉक में दर्ज हो सकती है। इससे बाद में सत्यापन के दौरान परेशानी आ सकती है। इसलिए फॉर्म भरते समय मकान की सही लोकेशन और पूरा पता दर्ज करने में सावधानी बरतनी होगी।

एसई कोड मिला, अब सत्यापन की बारी

स्वगणना का फॉर्म भरने के बाद मिलने वाला सेल्फ एन्यूमरेशन (एसई) कोड ही प्रक्रिया पूरी होने का अंतिम प्रमाण नहीं है। ऑनलाइन दर्ज जानकारी को मान्य कराने के लिए प्रगणक से इस कोड का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। ऐसे में 30 नवंबर तक फॉर्म भरने वाले लोगों को भी प्रगणक के संपर्क में रहना होगा। सत्यापन के बिना ऑनलाइन दर्ज ब्योरे को मान्य नहीं माना जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *