देवकीनंदन ठाकुर बोले- सनातनी पीर पर चादर चढ़ाने के बजाय हनुमान जी को अर्पित करें सिंदूर
गोवर्धन लीला का किया वर्णन, श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह में झूमे श्रद्धालु
कानपुर। निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन सोमवार को कथा व्यास देवकीनंदन ठाकुर ने सनातन धर्म, धार्मिक आस्था और बच्चों में संस्कारों को लेकर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सनातनी लोगों को पीर पर चादर चढ़ाने के बजाय अपने आराध्य हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करना चाहिए। जब हमारे पास संकटमोचन हनुमान जी जैसे शक्तिशाली आराध्य हैं, तो अपनी आस्था को कहीं और भटकाने की जरूरत नहीं है।
गोपाष्टमी के अवसर पर कथा पंडाल में गोमाता का विधिवत पूजन किया गया। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के विवाह का भव्य आयोजन हुआ। विवाह उत्सव के दौरान श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। पूरा पंडाल राधे-राधे और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
कथा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि इंद्र का अभिमान तोड़ने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत धारण किया था। इस लीला के माध्यम से भगवान ने संदेश दिया कि मनुष्य को कभी भी अपने धन, पद और शक्ति का अहंकार नहीं करना चाहिए। अहंकार व्यक्ति के पतन का कारण बनता है।
बच्चों को इंटरनेट मीडिया से निकाल धर्म और संस्कारों से जोड़ें
कथा व्यास ने बच्चों के जीवन में धार्मिक शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज बच्चे शॉर्ट वीडियो और इंटरनेट मीडिया की दुनिया में उलझते जा रहे हैं। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को इस आभासी दुनिया से बाहर निकालकर भक्ति और संस्कारों से जोड़ें। बचपन से ही उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता और रामायण जैसे धर्मग्रंथों का ज्ञान देना चाहिए, जिससे उनके जीवन में सदाचार, नैतिकता और धर्म के प्रति आस्था विकसित हो सके।
इस अवसर पर मिथलेश मनोज पाण्डेय, प्रभाशंकर वर्मा, राम विनय यादव, यूपी सिंह, विपिन बाजपेई, शिव प्रकाश गुप्ता, निरंकार गुप्ता, अजय मिश्रा और अनिल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


