थाईलैंड की महिला से शादी कर 60 लाख की ठगी में कारोबारी और पिता पर चार्जशीट तैयार
110 पन्नों की चार्जशीट में 12 गवाह, 70 से अधिक चैट, वॉयस-वीडियो रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन बने अहम सबूत; दोस्त के खिलाफ नहीं मिले साक्ष्य
कानपुर। थाईलैंड की महिला से शादी कर 60 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में अनवरगंज पुलिस ने चमड़ा कारोबारी और उसके पिता के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। करीब 110 पन्नों की चार्जशीट में पुलिस ने कारोबारी मोहम्मद इरफान के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोपों को शामिल किया है। वहीं, उसके पिता चांद के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले में नामजद कारोबारी के दोस्त रेहान के खिलाफ पुलिस को कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।
विवेचक ने चार्जशीट में 12 गवाहों के बयान शामिल किए हैं। इसके अलावा महिला और कारोबारी के बीच पैसों के लेन-देन से जुड़ी 70 से अधिक चैट, वॉयस और वीडियो रिकॉर्डिंग, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का डाटा, शादी के फोटो और वीडियो को अहम साक्ष्य बनाया गया है। अधिकारियों की संस्तुति के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
चार साल रिलेशनशिप में रहने के बाद थाई रीति-रिवाज से की थी शादी
थाईलैंड में सी-फूड रेस्टोरेंट संचालित करने वाली अपसॉर्न छह अक्टूबर को एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने शिकायत में बताया था कि दलेलपुरवा, अनवरगंज निवासी टेनरी कारोबारी मोहम्मद इरफान कारोबार के सिलसिले में अक्सर थाईलैंड आता-जाता था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और दोस्ती हो गई। इरफान थाईलैंड पहुंचने पर उनके घर पर ही रुकता था।
करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद इरफान ने उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद दोनों ने थाई रीति-रिवाज से शादी कर ली। अपसॉर्न ने पुलिस अधिकारियों को शादी का कार्ड, फोटो, पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज भी दिखाए थे।
महिला के मुताबिक, शादी के बाद इरफान कारोबार के नाम पर उनसे रुपये मांगने लगा। उन्होंने अलग-अलग किस्तों में उसे करीब 60 लाख रुपये दिए। काफी समय बीतने के बाद जब उन्होंने रकम वापस मांगी तो इरफान टालमटोल करने लगा और फोन उठाना भी बंद कर दिया।
पहली पत्नी और तीन बच्चों की जानकारी पर हुआ विवाद
अपसॉर्न के मुताबिक, संपर्क नहीं होने पर वह पांच अक्टूबर की रात करीब 10 बजे इरफान के घर पहुंचीं। वहां उन्हें इरफान की पहली शादी और तीन बच्चों के बारे में जानकारी हुई। इस पर उन्होंने विरोध किया तो इरफान ने उन पर मुस्लिम धर्म स्वीकार कर निकाह करने का दबाव बनाया। मना करने पर इरफान और उसके पिता चांद ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
महिला की तहरीर पर अनवरगंज पुलिस ने इरफान, उसके पिता चांद और कारोबारी के पार्टनर रेहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सात अक्टूबर को पुलिस ने इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
BMW और निन्जा बाइक खरीदने के लिए भेजे थे 55 लाख
अपसॉर्न ने पुलिस को बताया था कि इरफान से दोस्ती के बाद दोनों की मुलाकात थाईलैंड के पटाया बीच पर हुई थी। 22 अप्रैल 2025 को महिला के परिवार की मौजूदगी में बौद्ध रीति-रिवाज से दोनों ने शादी की थी। शादी से पहले इरफान एक बार और शादी के बाद छह बार थाईलैंड गया था।
महिला के मुताबिक, उन्होंने इरफान के जन्मदिन पर BMW-1000 बाइक खरीदने के लिए 34 लाख रुपये और निन्जा-10 बाइक के लिए 21 लाख रुपये भेजे थे। इरफान ने लखनऊ और दिल्ली से दोनों बाइकें खरीदी थीं। बाद में उसने दोनों बाइकें बेच दीं।
रेस्टोरेंट गिरवी रखकर लिया लोन, बहन से भी उधार लिए रुपये
अपसॉर्न ने बताया था कि थाईलैंड में उनका कैंटीन और रेस्टोरेंट है। उन्होंने अपने कारोबार से कमाए रुपये इरफान को दिए थे। जब रकम कम पड़ गई तो उन्होंने रेस्टोरेंट बैंक में गिरवी रखकर लाखों रुपये का लोन लिया। इसके अलावा बहन और अन्य रिश्तेदारों से भी उधार लेकर इरफान को पैसे दिए थे।
महिला ने अधिकारियों को शादी के दौरान खरीदी गई अंगूठियों की तस्वीरें भी दिखाई थीं। उन्होंने अपने और इरफान के नाम की अंगूठियां बनवाई थीं, जिन्हें शादी के दौरान इरफान ने उन्हें पहनाया था।
12 गवाहों के बयान और डिजिटल साक्ष्य बने आधार
मामले की विवेचना दरोगा शुभम सिंह को सौंपी गई थी। विवेचक के मुताबिक, इरफान और उसके पिता चांद के खिलाफ करीब 110 पन्नों की चार्जशीट तैयार की गई है। इसमें 12 गवाहों के बयान शामिल हैं। महिला और इरफान के बीच हुई बातचीत की 70 से अधिक चैट, वॉयस-वीडियो रिकॉर्डिंग, ऑनलाइन लेन-देन का ब्योरा और शादी से जुड़े फोटो व वीडियो को अहम साक्ष्य बनाया गया है।
विवेचक ने बताया कि इरफान के पिता चांद पर महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर उन्हें भी आरोपी बनाया गया है। जल्द ही चार्जशीट उच्चाधिकारियों के समक्ष पेश की जाएगी। उनकी संस्तुति के बाद इसे न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।


