छत के रास्ते घर में घुसे चोर, अलमारी का लॉकर तोड़ एक लाख नकदी और लाखों के जेवर उड़ाए
भेलसा गांव में गृहस्वामी के घर के बाहर सोने का उठाया फायदा, पड़ोसी युवक पर जताई चोरी की आशंका
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के भेलसा गांव में चोरों ने एक घर में घुसकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामी घर के बाहर सोता रहा और चोर छत के रास्ते घर में दाखिल होकर अलमारी का लॉकर तोड़ते रहे। करीब एक घंटे बाद नींद खुलने पर गृहस्वामी को वारदात की जानकारी हुई। चोर घर से एक लाख रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। पीड़ित ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।
भेलसा गांव निवासी राजकुमार पुत्र स्व. लालमन साहू ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर की रात करीब 12 बजे वह मकान के मुख्य गेट के सामने सो रहे थे। इसी दौरान चोर पड़ोसी के मकान के सहारे छत पर चढ़ गए और दरवाजे का ताला खोलकर घर में घुस गए। कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए।
चोरों ने सोने का हार, दो अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी, नाक की कील, एक जोड़ी पायल, तीन जोड़ी तोड़िया, एक बिछुआ और चांदी की करधनी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। रात करीब एक बजे राजकुमार की नींद खुली तो घर का गेट खुला देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और नकदी व जेवर गायब थे।
पीड़ित ने पड़ोस में रहने वाले प्रांशू पुत्र चंद्रिका प्रसाद साहू पर चोरी की आशंका जताई है। राजकुमार के मुताबिक, युवक का उनके घर आना-जाना था और उसे घर के सामान की जानकारी थी। उन्होंने साढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।


