मेफेड्रोन ड्रग्स सिंडिकेट का हवाला कनेक्शन बेनकाब, नेपाल-पाकिस्तान-बांग्लादेश तक फैला नेटवर्क
कटे हुए नोटों को बनाया जाता था कोड, मोबाइल चैट में मिले हवाला एजेंटों से लेनदेन के सबूत; कानपुर को ड्रग्स का हब बनाने की थी तैयारी
कानपुर। मेफेड्रोन ड्रग्स सिंडिकेट की जांच में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुंबई में बैठा गिरोह का सरगना ख्यामुद्दीन उर्फ खय्याम ड्रग्स के कारोबार से होने वाली करोड़ों रुपये की कमाई को हवाला नेटवर्क के जरिए ठिकाने लगाता था। इसके लिए उसने नेपाल, पाकिस्तान और बांग्लादेश तक एजेंटों का नेटवर्क बना रखा था। गिरोह के गुर्गे अलग-अलग शहरों के हवाला ऑपरेटरों को ड्रग्स से कमाई गई नकदी और कमीशन सौंपते थे। इसके बाद पड़ोसी देशों में बैठे एजेंटों के माध्यम से रकम अलग-अलग खातों के जरिए खय्याम तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस को इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम साक्ष्य रिजवान के मोबाइल फोन से मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, रिजवान के मोबाइल में पड़ोसी देशों के हवाला एजेंटों के साथ हुई कई चैट मिली हैं। इनमें कोडवर्ड के तौर पर इस्तेमाल किए गए भारतीय करेंसी के कटे हुए नोटों की तस्वीरें भी शामिल हैं। 20 और 10 रुपये के फटे नोटों को लेनदेन की पहचान बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि गिरोह का सरगना खय्याम सैय्यद देश के विभिन्न राज्यों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क को संचालित कर रहा था। उसके गुर्गों का कई शहरों के हवाला ऑपरेटरों से संपर्क था।
कटे नोटों की तस्वीर भेजकर होता था करोड़ों का लेनदेन

पुलिस की जांच में हवाला कारोबार का तरीका भी सामने आया है। गिरोह के सदस्य सबसे पहले हवाला ऑपरेटर को ड्रग्स से कमाई गई नकदी सौंपते थे। इसके बदले कोड के रूप में करेंसी का आधा कटा हुआ नोट दिया जाता था। इसके बाद हवाला एजेंट फोन या एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए दूसरे देश में बैठे अपने संपर्क से बात करता था। वहां कोडवर्ड के रूप में नोट की तस्वीर भेजी जाती थी। कोड की पुष्टि होने के बाद अलग-अलग खातों के माध्यम से रकम खय्याम तक पहुंचाई जाती थी।
अधिकारियों के मुताबिक, रिजवान के मोबाइल की जांच में नेपाल समेत पड़ोसी देशों के कई हवाला एजेंटों से बातचीत मिली है। चैट में कटे नोटों की तस्वीरें भेजने के साथ रुपयों के लेनदेन से जुड़ी बातचीत भी सामने आई है। पुलिस अब इन संपर्कों और खातों की जांच कर रही है।
गोविंदपुरी पुल के नीचे से पकड़ा गया था रिजवान

फजलगंज थाने की पुलिस ने मंगलवार देर रात बाबूपुरवा निवासी रिजवान अहमद को गोविंदपुरी पुल के नीचे रेलवे लाइन किनारे से गिरफ्तार किया था। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी। 29 अक्टूबर को जालौन में मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद रिजवान और गिरोह के सरगना खय्याम का नाम सामने आया था।
पूछताछ के दौरान रिजवान ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं। उसके दो मोबाइल फोन की जांच में संदिग्ध नंबरों की लंबी सूची मिली है। इसमें बाराबंकी, फर्रुखाबाद, नेपाल और मुंबई से जुड़े संपर्कों के साथ खय्याम, बाबूपुरवा के अरबाज कट्टा और दानिश समेत 79 नंबर मिले हैं। मोबाइल से हवाला कारोबार से जुड़ी पर्चियां, कोडवर्ड के रूप में इस्तेमाल किए गए भारतीय करेंसी के कटे नोटों की तस्वीरें और नेपाल, जयपुर समेत कई स्थानों की ट्रैवल हिस्ट्री से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, मुंबई में ड्रग्स का कारोबार फैलाने के बाद खय्याम उत्तर प्रदेश में भी अपना साम्राज्य खड़ा करना चाहता था। इसके लिए उसने कानपुर को नेटवर्क का सेंटर हब बनाने की योजना तैयार की थी।
80 लाख की केमिकल सप्लाई के मिले बिल
रिजवान के मोबाइल से पुलिस को दो केमिकल कंपनियों के बिल भी मिले हैं। दोनों बिल 40-40 लाख रुपये के हैं। इस तरह कुल 80 लाख रुपये की केमिकल सप्लाई के साक्ष्य मिले हैं, जिसकी डिलीवरी कानपुर में की गई थी। पुलिस अब इन कंपनियों, सप्लाई करने वालों और केमिकल के इस्तेमाल की जांच कर रही है।
रिजवान और खय्याम के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग से एक और अहम जानकारी सामने आई है। इसके मुताबिक, खय्याम कानपुर को ड्रग्स का हब बनाने की तैयारी में शहर की हर बड़ी और छोटी गतिविधि पर नजर रखता था। रिजवान उसे शहर में होने वाली घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी जानकारियां नियमित रूप से भेजता था।
कानपुर में हुए किडनी कांड, फर्जी डिग्री और मार्कशीट गिरोह के खुलासे तथा कोडीन कफ सिरप से जुड़े मामलों की खबरें भी वह खय्याम को भेजता था। इसके लिए वह अखबारों की खबरों की कटिंग और ऑनलाइन खबरों के लिंक साझा करता था। पुलिस के मुताबिक, खय्याम शहर के घटनाक्रम की जानकारी लेने के लिए लगातार रिजवान के संपर्क में रहता था।
मुंबई में खय्याम की तलाश, पिता की आखिरी लोकेशन अंबेडकरनगर
गिरोह के सरगना खय्याम की तलाश में पुलिस ने तीन अधिकारियों को मुंबई भेजा है। वहां उसकी तलाश में दो स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। छापेमारी के दौरान पुलिस को खय्याम के एक अन्य करीबी गुर्गे की तस्वीर भी मिली है। वह कई स्थानों पर खय्याम के साथ दिखाई दिया है। अब पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, खय्याम के वांछित होने की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता और बेटा भूमिगत हो गए हैं। हालांकि, उसके पिता की आखिरी लोकेशन अंबेडकरनगर में मिली है। इसके बाद पुलिस की टीमें वहां रवाना की गई हैं।
लोडर चलाने से लग्जरी गाड़ियों तक पहुंचा रिजवान
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि रिजवान पहले लोडर चलाता था। वर्ष 2015 में एक मसाला कारोबारी के यहां उसका लोडर लगा था। वह कारोबारी का माल पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में पहुंचाता था। इस दौरान उसकी कई अपराधियों और व्यापारियों से जान-पहचान हो गई।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2020 में रिजवान ने पूर्वांचल के व्यापारियों से कारोबारी के करीब एक करोड़ रुपये वसूल लिए थे। दबाव पड़ने पर उसने व्यापारियों को करीब 20 से 22 लाख रुपये वापस किए, जबकि बाकी रकम अपने पास रख ली। इसके बाद उसने नामचीन कंपनियों के नाम से नकली सिगरेट तैयार कराकर पूर्वांचल में सप्लाई करने का काम शुरू कर दिया। वह ट्रेन के माध्यम से भी नकली सिगरेट की सप्लाई करता था। इसी दौरान उसका संपर्क ड्रग्स तस्करों और बाद में खय्याम से हुआ। पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में मेफेड्रोन ड्रग्स का नेटवर्क फैलाया।
रेंज रोवर समेत तीन लग्जरी कारों की तस्वीरें मिलीं
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि रिजवान के पास रेंज रोवर और वरना समेत तीन कारें हैं। इनमें से एक वरना कार ड्रग्स सिंडिकेट के सरगना खय्याम ने रिजवान के भाई अबरार के नाम पर रजिस्टर्ड कराकर उसे गिफ्ट की थी। हालांकि, कार में मोबाइल नंबर खय्याम का डलवाया गया था। पुलिस को रिजवान की लग्जरी गाड़ियों के साथ कई तस्वीरें भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि खय्याम कई बार कानपुर आ चुका है। रिजवान ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए बाबूपुरवा स्थित घर पर बुलाया था। पुलिस के हाथ इस मुलाकात से जुड़े साक्ष्य भी लगे हैं। अब पुलिस हवाला नेटवर्क, केमिकल सप्लाई, ड्रग्स की कमाई और गिरोह के दूसरे सदस्यों के बीच कनेक्शन खंगाल रही है।


