कानपुर को मिली आनंद विहार के लिए नई ट्रेन की सौगात, रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
19 नवंबर से नियमित चलेगी कानपुर एक्सप्रेस, अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड ट्रैक का काम जल्द होगा शुरू; बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर का सफर 1 घंटे 45 मिनट में होगा पूरा
कानपुर। कानपुरवासियों को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली है। कानपुर से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली नई कानपुर एक्सप्रेस को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंगलवार दोपहर 3:26 बजे उद्घाटन ट्रेन संख्या 04195 को आनंद विहार के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही रेलवे की ओर से ट्रेन का आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। यह ट्रेन 19 नवंबर, गुरुवार से नियमित रूप से संचालित होगी।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, स्वप्निल वरुण, आदित्य त्रिवेदी तथा पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने सोवेनियर (यादगार) टिकट के माध्यम से फफूंद तक यात्रा भी की। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में नई ट्रेन के संचालन को लेकर यात्रियों और शहरवासियों में उत्साह दिखाई दिया।
कानपुर और दिल्ली के बीच सीधा रेल संपर्क होगा मजबूत
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर की जनता को नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस नई रेल सेवा के लिए कानपुरवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि कानपुर देश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा उद्योग और शैक्षिक केंद्रों में शामिल है। नई ट्रेन सेवा से कानपुर और दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से जाम की समस्या का होगा स्थायी समाधान
रेल मंत्री ने कानपुर की एक लंबे समय से चली आ रही रेल संबंधी समस्या के समाधान को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनवरगंज से मंधना के बीच करीब 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। इस परियोजना के पूरा होने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेल मंत्री के अनुसार परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर का सफर होगा महज 1 घंटे 45 मिनट का
रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना को उत्तर भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे नॉर्थ कॉरिडोर के विकास को नई गति मिलेगी। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को आपस में जोड़ेगा। आगे इस नेटवर्क को वाराणसी, पटना होते हुए गुवाहाटी तक विस्तारित करने की योजना है। परियोजना के साकार होने पर दिल्ली से कानपुर की दूरी बुलेट ट्रेन से लगभग 1 घंटे 45 मिनट में तय की जा सकेगी, जबकि कानपुर से लखनऊ का सफर महज 27 मिनट में पूरा हो सकेगा।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास भी तेज
रेल मंत्री ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई ट्रेन सेवा, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना को कानपुर के रेल बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। इन योजनाओं के पूरा होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि औद्योगिक, व्यापारिक और शैक्षिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।


