घर में अकेली महिला ने फंदे से लटककर दी जान, दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के शम्भुआ गांव में शुक्रवार देर शाम एक महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर घटना की जानकारी हुई तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
शम्भुआ गांव निवासी रामकेश निषाद खेती-किसानी के साथ वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी पूनम (30), एक बेटा और एक बेटी हैं। शुक्रवार देर शाम पूनम घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसने घर के अंदर पंखे के कुंडे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटवाए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।


