चौरीचौरा एक्सप्रेस हादसे की जांच तेज, चार सदस्यीय कमेटी कानपुर पहुंची
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय ने गठित की उच्चस्तरीय जांच टीम, ट्रैक और प्लेटफॉर्म की लंबाई-चौड़ाई नापी; कोचों के तकनीकी पैरामीटर की वर्कशॉप में होगी जांच
कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरने के मामले में रेलवे ने जांच तेज कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय ने चार सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी गठित की है। जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (जेएजी) स्तर की इस कमेटी में संरक्षा, यांत्रिक, विद्युत परिचालन और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी शामिल हैं। कमेटी गुरुवार को जांच के लिए कानपुर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ट्रैक और प्लेटफॉर्म की लंबाई-चौड़ाई की नापजोख की।
उपमुख्य यातायात प्रबंधक आकांक्ष गोविल ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। ट्रैक के तकनीकी पैरामीटर रिकॉर्ड किए गए हैं, जबकि कोचों के पैरामीटर की जांच वर्कशॉप में माप के जरिए की जाएगी। ट्रैक और कोचों की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में किसी यात्री के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
प्लेटफॉर्म नंबर सात से ट्रेनों का संचालन सामान्य
आकांक्ष गोविल ने बताया कि हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद प्रभावित रेल यातायात शुरू कर दिया गया था। हालांकि, प्लेटफॉर्म नंबर सात पर ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। रात करीब तीन बजे प्लेटफॉर्म को पूरी तरह खाली करा लिया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह चार बजे से प्लेटफॉर्म नंबर सात पर निर्धारित सभी ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से शुरू हो गया।
स्टेशन से निकलते ही पटरी से उतरे थे चार कोच
चौरीचौरा एक्सप्रेस (15003) कानपुर अनवरगंज से गोरखपुर जा रही थी। ट्रेन निर्धारित समय से चार मिनट की देरी से शाम 4:54 बजे कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची थी। यहां नौ मिनट के ठहराव के बाद शाम 5:03 बजे ट्रेन रवाना हुई। स्टेशन से आगे बढ़ने के करीब दो मिनट बाद शाम 5:05 बजे अचानक तेज झटका लगा। इसके साथ ही बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई।
अचानक तेज आवाज और झटके से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कोच एक तरफ झुकने लगे और उनमें तेज खड़खड़ाहट होने लगी। घबराए यात्री सामान लेकर नीचे उतरने लगे। सूचना पर रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद रेलवे ने घटनास्थल को सुरक्षित कर तकनीकी जांच शुरू की। अब उच्चस्तरीय कमेटी की रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि दुर्घटना की वजह ट्रैक में खराबी थी, कोचों में तकनीकी समस्या या कोई अन्य कारण।


