12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

कानपुर में लंबित मुकदमों का आपसी सुलह-समझौते से होगा निस्तारण, जागरूकता के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा अभियान

कानपुर नगर। जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को लेकर आमजन को जागरूक करने के लिए प्रचार अभियान शुरू कर दिया गया है। आगामी 12 दिसंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भेजे गए जागरूकता वाहन को जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों पर आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।

प्रचार वाहन निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों की जानकारी देगा। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, न्यायालय कर्मचारी और पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) मौजूद रहे।

अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा, सिविल एवं पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण वसूली, चेक बाउंस (एनआई एक्ट) तथा राजस्व से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अमर प्रताप चौधरी ने बताया कि 12 एवं 13 नवंबर को प्रचार वाहन निर्धारित रूट के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, जिससे जरूरतमंद लोग न्याय पाने के इस अवसर का लाभ उठा सकें।

लोक अदालत में आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने से पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने का अवसर मिलेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *