पतारा में तालाब की जमीन पर लगा सरकारी बोर्ड, अब ‘बाबा बैजनाथ धाम कुंड’ के नाम से होगी पहचान
भाई दूज पर ग्राम पंचायत ने लगवाया साइन बोर्ड, एसडीएम बोले- जल्द शुरू होगा सुंदरीकरण; कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर दर्ज होगा मुकदमा
घाटमपुर। पतारा कस्बे में भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी तालाब की जमीन को अब नई पहचान मिल गई है। भाई दूज के अवसर पर ग्राम पंचायत की ओर से तालाब की भूमि पर सरकारी साइन बोर्ड लगवाया गया। इस पर तालाब का नाम ‘बाबा बैजनाथ धाम कुंड (गुमानी ताल)’ दर्ज कराया गया है। सरकारी बोर्ड लगने के साथ ही तालाब की जमीन पर प्रशासनिक स्वामित्व की पहचान भी स्पष्ट हो गई है। अब जल्द ही इसके सुंदरीकरण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
दरअसल, घाटमपुर तहसील क्षेत्र के पतारा कस्बे में सरकारी तालाब की जमीन पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर प्लाटिंग शुरू कर दी थी। आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में हेरफेर कर तालाब की जमीन को निजी भूमि के रूप में दर्ज करा लिया गया था। मामला सामने आने के बाद इसकी शिकायत प्रशासन तक पहुंची। इसके बाद एसडीएम कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई।
घाटमपुर के तत्कालीन एसडीएम अविचल प्रताप सिंह की अदालत ने सुनवाई के बाद विवादित भूमि को दोबारा सरकारी तालाब के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया था। न्यायिक आदेश के बाद प्रशासन ने जमीन को कब्जामुक्त कराकर सरकारी संपत्ति के रूप में सुरक्षित करने की कार्रवाई की। तालाब की जमीन वापस मिलने पर ग्रामीणों ने दीप जलाकर खुशी भी मनाई थी।
बोर्ड लगने से मिली नई पहचान
भाई दूज के दिन ग्राम पंचायत पतारा की ओर से तालाब की भूमि पर साइन बोर्ड लगाया गया। इस पर ‘बाबा बैजनाथ धाम कुंड (गुमानी ताल), ग्राम पंचायत पतारा, तहसील घाटमपुर, जिला कानपुर नगर’ लिखा गया है। इससे तालाब की पहचान सरकारी अभिलेखों के साथ सार्वजनिक रूप से भी स्थापित हो गई है।
जल्द शुरू होगा सुंदरीकरण कार्य
एसडीएम घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि तालाब की भूमि पर साइन बोर्ड लगवा दिया गया है। जल्द ही इसके सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे के मामलों में प्रशासन की जीरो टॉलरेंस की नीति है।


