घाटमपुर पावर प्लांट में लगेगी चौथी यूनिट, 660 मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ेगा
नेयवेली की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास, शासन को भेजी गई कार्ययोजना; मंत्री राकेश सचान ने 1980 मेगावाट की तीनों यूनिटों का किया निरीक्षण, विस्थापित परिवारों को रोजगार देने पर दिया जोर

कानपुर। घाटमपुर स्थित नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड (एनयूपीपीएल) के ताप विद्युत संयंत्र में चौथी यूनिट स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। 660 मेगावाट क्षमता की इस यूनिट का प्रस्ताव कंपनी के बोर्ड की बैठक में पास हो चुका है। इसके निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी गई है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। चौथी यूनिट स्थापित होने से परियोजना की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 1980 मेगावाट से बढ़कर 2640 मेगावाट हो जाएगी।
बुधवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने यमुना तटवर्ती क्षेत्र में स्थित पावर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां संचालित 660-660 मेगावाट क्षमता की तीनों यूनिटों की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन और संयंत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद प्लांट के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक में पावर प्लांट के सीईओ ने मंत्री को बताया कि चौथी यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव बोर्ड से स्वीकृत हो चुका है। परियोजना के पास इसके लिए पर्याप्त भूमि और आवश्यक क्षमता उपलब्ध है। नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड की ओर से प्रस्तावित यूनिट की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई है। शासन की स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रभावित किसानों के परिवारों को मिले रोजगार
समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों के हितों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन किसानों की जमीन पावर प्लांट के निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई है, उनके परिवारों के योग्य सदस्यों को शैक्षिक योग्यता और निर्धारित पात्रता के अनुसार रोजगार देने में प्राथमिकता दी जाए। इससे प्रभावित परिवारों को परियोजना का सीधा आर्थिक लाभ मिल सकेगा। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
2640 मेगावाट हो जाएगी उत्पादन क्षमता
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि चौथी यूनिट स्थापित होने से घाटमपुर ताप विद्युत परियोजना की उत्पादन क्षमता में 660 मेगावाट का इजाफा होगा। इससे बिजली उत्पादन बढ़ने के साथ घाटमपुर क्षेत्र को औद्योगिक और आर्थिक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। परियोजना से जुड़े अधिकारियों को निर्माण और संचालन से संबंधित कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय लोगों और परियोजना से प्रभावित परिवारों के हितों का ध्यान रखना भी जरूरी है। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और परियोजना के संचालन में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।


