युवक ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर दी जान, घर के पीछे लटका मिला शव
दो महीने पहले गुजरात से लौटा था युवक, शराब पीने का था आदी; घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम
कानपुर। नरवल थाना क्षेत्र के अखरी गांव में मंगलवार देर रात एक युवक ने घर के पीछे आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने अपनी शर्ट उतारकर उसी का फंदा बनाया और पेड़ से लटक गया। काफी देर तक उसकी कोई आहट नहीं मिलने पर परिजन तलाश करने निकले। घर के पीछे पेड़ पर उसका शव लटका देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची नरवल पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो महीने पहले गुजरात से लौटा था युवक
अखरी गांव निवासी सुंदरलाल प्राइवेट मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी शिवदेवी, चार बेटे प्रवीन, प्रदीप, संदीप और संजय के अलावा चार बेटियां हैं। मृतक की पहचान 23 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। वह गुजरात की एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था और करीब दो महीने पहले ही घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, प्रदीप को शराब पीने की लत थी।
पिता को मजदूरी करने से रोक रहा था प्रदीप
मृतक के बड़े भाई प्रवीन ने बताया कि मंगलवार सुबह पिता सुंदरलाल मजदूरी करने जा रहे थे। इस दौरान प्रदीप ने उन्हें रोकते हुए कहा कि इस उम्र में उन्हें काम पर नहीं जाना चाहिए। पिता को काम करते देखकर उसे अच्छा नहीं लगता है। हालांकि, पिता उसकी बात को नजरअंदाज कर मजदूरी करने चले गए।
शाम को जब सुंदरलाल काम से घर लौटे तो प्रदीप शराब के नशे में था। वह पिता के साथ गाली-गलौज करने लगा। पिता खाना खाने के बाद सोने चले गए, जबकि प्रदीप गाली-गलौज करता हुआ घर के पीछे चला गया। देर रात परिजनों ने घर के पीछे आम के पेड़ पर उसका शव लटका देखा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर पहुंची नरवल पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके की जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से मां शिवदेवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।


