बजाज फाइनेंस में 5,800 करोड़ रुपए का निवेश करेगी बजाज फिनसर्व, जानें क्या होगा फायदा
कंपनी ने बताया कि 1,010 रुपए प्रति वारंट की दर से जारी वारंट के उसे कुल 57,99,99,97,400 रुपए की पूंजी प्राप्त होगी। बजाज फाइनेंस का शेयर सोमवार 09 नवंबर 2026 को 1,065 रुपए पर बंद हुआ था। इस निवेश से बजाज फाइनेंस को अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए पूंजी की जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय में एनबीएफसी से ऑनलाइन ऋण लेने वाले ग्राहकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। यहां तक कि एनबीएफसी अधिसूचित बैंको से ऋण लेकर अपनी पूंजी की जरूरत पूरी कर रहे हैं। बजाज फाइनेंस में इस समय बजाज फिनसर्व की हिस्सेदारी 51.3 प्रतिशत है। वारंट जारी होने, उनके इक्विटी शेयर और ईएसओपी में बदले जाने के बाद उसकी हिस्सेदारी घटकर 51.23 प्रतिशत रह जाएगी। वारंट जारी होते समय बजाज फिनसर्व तत्काल 25 प्रतिशत राशि का भुगतान करेगी। शेष 75 प्रतिशत का भुगतान वारंट को इक्विटी शेयर में बदलवाते समय किया जाएगा। डेढ़ साल के भीतर वारंट को शेयर में नहीं बदलवाने पर पहले भुगतान की गई 25 फीसदी राशि जब्त हो जाएगी।



