कोलकाता एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी से मचा हड़कंप, टॉयलेट के शीशे पर मिला संदेश

कोलकाता एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी से मचा हड़कंप, टॉयलेट के शीशे पर मिला संदेश

कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान के टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, विमान मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान विमान के एक टॉयलेट के शीशे पर लिखा धमकी भरा संदेश देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान की उड़ान रोक दी गई।

आइसोलेशन बे में ले जाकर शुरू की गई तलाशी

धमकी की सूचना मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। विमान के अंदर मौजूद सभी हिस्सों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या संभावित खतरे का पता लगाया जा सके।

धमकी लिखने वाले की तलाश में जुटीं एजेंसियां

घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। विमान के टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए एयरपोर्ट परिसर और विमान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। विमान की विस्तृत तलाशी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *