200 गज के प्लॉट ने उजाड़ दिया परिवार, दो भाइयों की पहले मौत, तीसरा बना हत्या का शिकार, चौथा पहुंचा जेल


हत्यारोपी
कानपुर। संपत्ति का विवाद इतना बढ़ा कि खून के रिश्ते भी शर्मसार हो गए। हनुमंत विहार के संजय गांधी नगर में दिवाली की रात छोटे भाई ने पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। जिस घर में कभी चार भाइयों का परिवार रहता था, वहां अब दो भाइयों की मौत हो चुकी है, तीसरे की हत्या कर दी गई और चौथा भाई हत्यारोपी बनकर जेल पहुंच गया। महज 200 वर्ग गज के प्लॉट के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद परिवार के विनाश की वजह बन गया। इस वारदात में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा खटखटाकर लौट गई थी। अगर समय रहते घर के अंदर जाकर जांच की जाती तो शायद आनंद की जान बच सकती थी।
संजय गांधी नगर निवासी आनंद सिंह उर्फ रगड़ू (40) वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल से छूटकर आया था। इसके बाद वह छोटे भाई प्रियम सिंह के परिवार के साथ रहने लगा था। प्रियम की पत्नी रानी और 13 वर्षीय बेटी भी घर में रहती थीं। परिवार में चार भाई थे। इनमें से दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी। आनंद तीसरा भाई था, जिसकी दिवाली की रात हत्या कर दी गई। अब चौथा भाई प्रियम भी हत्या के आरोप में जेल पहुंच गया है।
200 गज के प्लॉट के बंटवारे पर चल रहा था विवाद
परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक, आनंद और प्रियम के बीच मकान और करीब 200 वर्ग गज के प्लॉट के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी और झगड़ा हो चुका था। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ और आखिरकार इसने खूनी रूप ले लिया।
पड़ोसी ने दी सूचना, दरवाजा खटखटाकर लौट गई पुलिस
दिवाली की रात दोनों भाई नशे की हालत में थे। इसी दौरान संपत्ति के बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। आरोप है कि प्रियम, उसकी पत्नी रानी और बेटी ने आनंद के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पड़ोसी ने यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी दंपती आनंद को घसीटकर घर के अंदर ले जा चुके थे। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद टीम वापस लौट गई। पुलिस रजिस्टर में दरवाजा नहीं खुलने की बात दर्ज कर दी गई। सवाल यह है कि जब पड़ोसी ने मारपीट की सूचना दी थी और घर के अंदर किसी अनहोनी की आशंका थी, तब पुलिस ने दरवाजा खुलवाने या दोबारा जांच करने की कोशिश क्यों नहीं की?
ईंट से कूंचकर हत्या के बाद प्लॉट में फेंका शव
आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद प्रियम और उसकी पत्नी रानी ने आनंद की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित बाबा नगर निवासी सचिन पाल के खाली प्लॉट में फेंक दिया। सोमवार सुबह लोगों ने प्लॉट में शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, हनुमंत विहार पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी कैमरे बंद कर छिपाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने से पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। इससे वारदात को छिपाने की कोशिश की गई। घटनास्थल पर पहुंचा खोजी कुत्ता करीब 200 मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय तक गया और वहां रुक गया। पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए। सोमवार को रानी और मंगलवार को प्रियम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम में सिर की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि
आनंद के शव का केपीएम अस्पताल के डॉ. रमेश कुमार और डॉ. धर्मेंद्र के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटने से मौत होने की पुष्टि हुई है। प्रियम रोडवेज में संविदा चालक है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना से पहले सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के लौट जाने के मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक परिवार, चार भाई और बिखर गई पूरी दुनिया
इस घटना ने एक बार फिर संपत्ति के लिए रिश्तों के खून होने की दर्दनाक तस्वीर सामने रख दी है। जिस परिवार में चार भाई थे, वहां अब कोई साथ रहने वाला नहीं बचा। दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी, तीसरे की हत्या हो गई और चौथा हत्या के आरोप में जेल चला गया। 200 गज के प्लॉट के बंटवारे से शुरू हुआ विवाद पूरे परिवार को तबाह कर गया। दिवाली की रात जिस घर में खुशियां होनी चाहिए थीं, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा है।


