त्योहारों से पहले सर्राफा बाजार में पुलिस की पैदल गश्त, डीसीपी साउथ ने व्यापारियों से लिया सुरक्षा का फीडबैक
दुकानों के सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील
कानपुर। त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को डीसीपी साउथ ने गोविंदनगर थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार और मुख्य बाजार में पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
डीसीपी साउथ ने सर्राफा व्यापारियों और अन्य दुकानदारों से सुरक्षा संबंधी सुझाव भी लिए। उन्होंने व्यापारियों को दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बाजारों में नियमित गश्त करने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी।


