दिवाली पर घर लौटना हुआ महंगा, बंगलूरू से कानपुर का हवाई किराया 29 हजार के पार

दिवाली पर घर लौटना हुआ महंगा, बंगलूरू से कानपुर का हवाई किराया 29 हजार के पार

त्योहार से पहले महानगरों से कानपुर आने वाली फ्लाइटों का किराया दो से तीन गुना तक बढ़ा, सात नवंबर को सबसे महंगा रहा बंगलूरू-कानपुर का टिकट; बाहर जाने वालों को मिल रही राहत

कानपुर। दिवाली पर अपनों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर हवाई किराये की महंगाई भारी पड़ रही है। त्योहार में पांच दिन शेष रहते बंगलूरू, मुंबई और दिल्ली जैसे महानगरों से कानपुर आने वाली फ्लाइटों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। सबसे ज्यादा उछाल बंगलूरू से कानपुर आने वाली फ्लाइट के किराये में देखने को मिला है। सात नवंबर को इस रूट का हवाई टिकट 29,311 रुपये तक पहुंच गया है।

इसके उलट कानपुर से दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू जाने वाले यात्रियों को अपेक्षाकृत कम किराया चुकाना पड़ रहा है। त्योहार पर घर लौटने की मांग बढ़ने के चलते यात्री पहले से ही टिकट बुक करा रहे हैं।

दिल्ली से कानपुर आने का किराया दोगुने से ज्यादा

कानपुर से दिल्ली जाने का हवाई किराया छह, सात और आठ नवंबर को 5,604 रुपये है। नौ नवंबर को यह बढ़कर 10,959 रुपये और 10 नवंबर को 10,224 रुपये हो रहा है। वहीं दिल्ली से कानपुर आने का किराया छह से आठ नवंबर तक 12,437 रुपये है। नौ नवंबर से इसमें गिरावट आएगी और टिकट 5,192 रुपये में उपलब्ध होगा।

मुंबई से आने के लिए चुकाने होंगे 22 हजार रुपये

कानपुर से मुंबई जाने का किराया छह से आठ नवंबर तक 6,668 रुपये है। नौ नवंबर को यह 6,915 रुपये रहेगा, जबकि 10 नवंबर को बढ़कर 15,792 रुपये हो जाएगा।

दूसरी ओर मुंबई से कानपुर आने वाले यात्रियों को छह नवंबर को 20,798 रुपये, सात नवंबर को 22,059 रुपये और आठ नवंबर को 14,828 रुपये खर्च करने होंगे।

बंगलूरू से कानपुर का टिकट 29,311 रुपये

बंगलूरू रूट पर भी आने और जाने के किराये में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। कानपुर से बंगलूरू जाने का किराया छह नवंबर को 8,757 रुपये, सात नवंबर को 12,117 रुपये और आठ नवंबर को फिर 8,757 रुपये है।

वहीं बंगलूरू से कानपुर आने के लिए छह नवंबर को 14,004 रुपये, सात नवंबर को 29,311 रुपये और आठ नवंबर को 14,020 रुपये खर्च करने होंगे। सात नवंबर का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले काफी अधिक है।

त्योहार पर किराये में होता है उतार-चढ़ाव

एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि त्योहार के समय फ्लाइट के किराये में उतार-चढ़ाव होता रहता है। सोमवार को मुंबई की फ्लाइट एक घंटे 11 मिनट की देरी से दोपहर 2:46 बजे कानपुर पहुंची। विमान ने 3:20 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। इस फ्लाइट से 167 यात्री कानपुर आए, जबकि 75 यात्री मुंबई गए।

वहीं, दिल्ली और बंगलूरू की फ्लाइट निर्धारित समय से पहले कानपुर पहुंचीं। मंगलवार को कानपुर से दिल्ली के लिए 74, मुंबई के लिए 75 और बंगलूरू के लिए 107 यात्रियों ने उड़ान भरी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *