पनकी स्टेशन रोड पर ‘नो-एंट्री’ का खुलेआम उल्लंघन
बेपरवाह दौड़ रहे भारी वाहन ले रहे लोगों की जान

कानपुर । औद्योगिक क्षेत्र पनकी की मुख्य सड़कों पर बदहाल यातायात व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन की अनदेखी अब आम जनता की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी है। पनकी स्टेशन रोड पर रोजाना ‘नो-एंट्री’ के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसके कारण इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। नो-एंट्री जोन और प्रतिबंधित समय तय होने के बावजूद बेलगाम भारी वाहन और डंपर धड़ल्ले से इस व्यस्त सड़क पर दौड़ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि स्टेशन रोड पर रोजाना हजारों की संख्या में राहगीर, स्कूली बच्चे और दैनिक यात्री आवागमन करते हैं, लेकिन प्रतिबंधित समय में भी भारी वाहनों के प्रवेश से हर वक्त जान-माल का खतरा बना रहता है।
बीते दिनों में नो-एंट्री में घुसे इन अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से चुटैल हुए हैं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस और संबंधित महकमा मूकदर्शक बना हुआ है। क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पनकी स्टेशन रोड के नो-एंट्री पॉइंट पर तुरंत सख्त बैरियर व पुलिस पिकेट तैनात कर दोषी वाहन चालकों के खिलाफ सीजिंग और चालान की कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।


