कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष की अपहरण के बाद हत्या, गुजैनी नहर से मिला शव
केस की फाइल देने के बहाने फोन कर बुलाया, कार में अगवा कर ले गए थे बदमाश; आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया
कानपुर। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार (70) की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। रविवार को उनका शव कानपुर के गुजैनी इलाके से गुजर रही नहर में उतराता मिला। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कालपी और गुजैनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शव बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात गयादीन अहिरवार को केस की फाइल देने के बहाने फोन कर कानपुर-झांसी हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे पर बुलाया गया था। वहां कार सवार बदमाश पहुंचे और उन्हें जबरन कार में बैठाकर अगवा कर उरई की तरफ ले गए। घटना के बाद अधिवक्ता और अपहरणकर्ताओं के मोबाइल फोन बंद हो गए। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर मामले को लेकर पुलिस सक्रिय हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अधिवक्ता की हत्या करने और शव को गुजैनी नहर में फेंकने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नहर में तलाश शुरू कराई। रविवार को गुजैनी इलाके में नहर से गयादीन अहिरवार का शव बरामद कर लिया गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शव बरामद होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिवक्ताओं में शोक और आक्रोश
कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की अपहरण के बाद हत्या की खबर से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथी अधिवक्ताओं ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दिनदहाड़े और सरेराह अपहरण के बाद हत्या की इस वारदात ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
45 साल तक की वकालत, चौथी बार बने थे अध्यक्ष

गयादीन अहिरवार वर्ष 1981 से सिविल और आपराधिक मामलों की पैरवी कर रहे थे। कालपी के वरिष्ठ अधिवक्ताओं में उनकी गिनती होती थी। आठ मई 2026 को हुए बार संघ चुनाव में वह चौथी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उनकी पत्नी राजेश्वरी, बेटे सौरभ व हर्षमित्रा और बेटियां संघमित्रा व मणिमित्रा हैं। पिछले वर्ष 31 अक्टूबर को एक बेटे गौरव की भी मृत्यु हो गई थी।
इनसेट-2
जमीन विवाद में हत्या, तीन संदिग्ध हिरासत में
बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के मामले में जालौन पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एसपी सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, शुरुआती जांच में जमीन विवाद हत्या की वजह सामने आया है। अपहरण के बाद उनकी हत्या कर शव कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में फेंका गया था। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


