बादलों और बूंदाबांदी से सात डिग्री लुढ़का पारा, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई गलन

बादलों और बूंदाबांदी से सात डिग्री लुढ़का पारा, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई गलन

कानपुर में दिनभर छाए रहे घने बादल, 3.6 मिमी बारिश दर्ज; शनिवार दोपहर तक ऐसा ही रहेगा मौसम

कानपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को शहर का मौसम बदला रहा। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही और ठंडी हवाएं चलती रहीं। धूप नहीं निकलने और बारिश के चलते दिन के तापमान में 24 घंटे के भीतर 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बादलों के कारण रात का तापमान 0.2 डिग्री बढ़ गया।

मौसम में आए बदलाव से दिन और रात के तापमान का अंतर भी कम हो गया है। ठंडी हवाओं और लगातार बादल छाए रहने से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग की वेधशाला में शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक 3.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ी है। इसी वजह से घने बादल बन रहे हैं। गुरुवार से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। शुक्रवार तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद पूरे दिन बादलों की वजह से सूर्य के दर्शन नहीं हुए। दोपहर बाद वातावरण में नमी बढ़ने से स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा।

शनिवार दोपहर बाद बदलने लगेगा मौसम

मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि बादल छाए रहने के कारण धरती की ऊष्मा आसानी से वायुमंडल में नहीं निकल पाती। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होती है। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा, हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे। रविवार को मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना है।

शुक्रवार को पूर्वी हवाएं 9.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। अधिकतम तापमान गिरकर 23.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान

  • अधिकतम : 23.6 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम : 21 डिग्री सेल्सियस
  • बारिश : 3.6 मिमी
  • हवा की रफ्तार : 9.2 किमी प्रति घंटा

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *