ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सात आरोपित गिरफ्तार

ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सात आरोपित गिरफ्तार

68 हजार रुपये नकद, 164 किलो एल्युमीनियम तार, 98 किलो कॉपर वाइंडिंग और तीन ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद

कानपुर। चौबेपुर पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का राजफाश करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 68 हजार रुपये नकद, 164 किलोग्राम एल्युमीनियम तार, 98 किलोग्राम कॉपर वाइंडिंग और तीन ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद हुई हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को डीसीपी पश्चिम ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि चौबेपुर थाने में विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं के राजफाश के लिए पुलिस टीम जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जादेपुर घस्सा मोड़ के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में कुछ संदिग्ध मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन सवार सात लोगों को हिरासत में ले लिया।

स्कॉर्पियो से बरामद हुआ चोरी का सामान

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से एल्युमीनियम तार के आठ बंडल, कॉपर वाइंडिंग के तीन लच्छे, तीन ट्रांसफार्मर कॉइल और 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि नकदी पूर्व में चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों के अंदरूनी सामान को बेचकर मिली थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों में बर्रा निवासी रंजीत श्रीवास्तव, हरबंश मोहाल निवासी उमेश गुप्ता, जूही निवासी चंदन, खाड़ेपुर कॉलोनी निवासी आलोक पांडेय और देवांश दुबे, योगेंद्र विहार निवासी आदित्य मिश्रा और बंगाल निवासी गौतम राजपूत उर्फ थापा शामिल हैं।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है। गिरोह का राजफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *