वॉशिंग सेंटर के टैंक में गिरकर तीन साल के मासूम की मौत
घर से 30 मीटर दूर खेलते समय हुआ हादसा, डेढ़ घंटे तक तलाशते रहे परिजन; मोहल्ले के बच्चों ने दी जानकारी

कानपुर। चकेरी के सनिगवां में सोमवार शाम घर से महज 30 मीटर दूर खेल रहा तीन साल का मासूम व्हीकल वॉशिंग सेंटर के टैंक में गिर गया। करीब पांच फीट गहरे टैंक में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजन करीब डेढ़ घंटे तक बच्चे की तलाश करते रहे। बाद में मोहल्ले के बच्चों ने उसके टैंक में गिरने की जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। परिजनों ने फिलहाल कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
काफी देर तक घर नहीं लौटा तो तलाश शुरू की
सनिगवां के बंबा इलाके में रहने वाले मोहम्मद रफीक मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी सहाना और तीन बेटे गुफरान, कुर्बान व निहाल (3) थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब चार बजे निहाल अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित एक वॉशिंग सेंटर के टैंक में गिर गया।
साथ खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी। काफी देर तक निहाल घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब 5:30 बजे मोहल्ले के बच्चों ने परिजनों को बताया कि निहाल टैंक में गिर गया है।
जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को टैंक से बाहर निकाला। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार बच्चे को लेकर घर लौट आया।
तीन घंटे बाद पुलिस और दमकल को सूचना
घटना की जानकारी शाम करीब सात बजे पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर पुलिस बल और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, परिजनों ने कार्रवाई करने और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि परिजन फिलहाल कार्रवाई नहीं चाहते और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर रहे हैं। उनसे बातचीत की जा रही है। तहरीर देने और पोस्टमार्टम के लिए सहमति मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


